आठ कांडों में शामिल रहे शातिर को स्कूटी, देशी कट्टा और लूटे गए आभूषणों के साथ गिरफ्तार, राहगीरों से करता था लूटपाट

Updated:
विज्ञापन

मुजफ्फरपुर पुलिस ने सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में हुई दो लूट की घटनाओं का पर्दाफाश किया है। दो कुख्यात अपराधियों को हथियार, नकदी और लूटे गए गहनों के साथ गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने अन्य जिलों में भी वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है।

विज्ञापन

Muzaffarpur crime News: मुजफ्फरपुर जिला के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र के डोम्बा चौक के पास बीते 11 अगस्त को हुई दो लूटकांड की गुत्थी को पुलिस ने सफलतापूर्वक सुलझा लिया है. पुलिस ने लूटकांड में संलिप्त दो कुख्यात अपराधियों को हथियार, कारतूस, लूटी गई नगदी और आभूषणों के साथ दबोच लिया है. गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मीनापुर थाना क्षेत्र निवासी मनीष कुमार और बब्लू कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, तीन सोने के लॉकेट, नौ हजार पांच सौ रुपये नकद, एक स्कूटी और एक मोबाइल फोन जब्त किया है. पूछताछ के दौरान दोनों अपराधियों ने सिवाईपट्टी के अलावा मीनापुर तथा शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में हाल में हुई लूट की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.

आपके शहर में

विज्ञापन
Image

loot case solved: सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र में 11 अगस्त को हुई दो लूटकांड की गुत्थी सुलझी

बीते 11 अगस्त को दो बाइक सवार चार से पांच अज्ञात अपराधियों ने डोम्बा चौक के समीप हथियार के बल पर ललन कुमार व एक महिला के साथ लूटपाट की थी. इस मामले में ललन कुमार के बयान पर सिवाईपट्टी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पुलिस लगातार अपराधियों की धरपकड़ के लिए तकनीकी अनुसंधान कर रही थी.

एसएसपी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने रामपुर रतन के पास से दबोचा

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के निर्देश पर डीएसपी पूर्वी अजय वत्स के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था. इस टीम में सिवाईपट्टी थानाध्यक्ष व अन्य तेज-तर्रार पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया था. तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीम ने 21 अगस्त को रामपुर रतन के समीप घेराबंदी कर दोनों अपराधियों को धर दबोचा.

मीनापुर और शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में भी दे चुके हैं वारदातों को अंजाम

पूछताछ में यह बात सामने आई है कि ये शातिर अपराधी केवल एक इलाके तक सीमित नहीं थे. इन्होंने सिवाईपट्टी के साथ-साथ मीनापुर और शिवहर जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में भी आपराधिक वारदातों को अंजाम दिया है. पुलिस इनके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क का भी पता लगाने में जुटी हुई है.

कई थानों में दर्ज हैं मामले

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त मनीष कुमार एक शातिर अपराधी है. उसके खिलाफ अहियापुर, मीनापुर और सिवाईपट्टी थानों में आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, चोरी और लूट के कम से कम आठ मामले पूर्व से दर्ज हैं. पुलिस अन्य थानों से भी इसका आपराधिक इतिहास खंगाल रही है ताकि इनके पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जा सके.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन