मुजफ्फरपुर नगर निगम बोर्ड बैठक में हंगामा, स्ट्रीट लाइट और टूटे स्लैब को लेकर पार्षदों का फूटा गुस्सा

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

मुजफ्फरपुर नगर निगम बोर्ड की बैठक नई एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने में देरी और खराब लाइटों की मरम्मत न होने के कारण हंगामे की भेंट चढ़ गई. पार्षदों के विरोध प्रदर्शन के कारण बैठक को स्थगित करना पड़ा.

विज्ञापन

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर. नगर निगम बोर्ड की शनिवार को आयोजित बैठक भारी हंगामे की भेंट चढ़ गयी. शहर में नयी एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने में देरी और खराब लाइटों की मरम्मत नहीं होने से नाराज पार्षदों ने निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. बैठक शुरू होते ही सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों समेत अधिकांश पार्षद सदन के बीचों-बीच धरने पर बैठ गये और नारेबाजी शुरू कर दी. हंगामे के कारण बैठक को बीच में ही स्थगित करना पड़ा. अब अगले सप्ताह स्थगित बैठक दोबारा आयोजित की जाएगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

स्ट्रीट लाइट को लेकर सदन में धरने पर बैठे पार्षद

बैठक शुरू होते ही पार्षदों ने शहर में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और नयी एलईडी लाइट लगाने में हो रही देरी का मुद्दा उठाया. पार्षदों का आरोप था कि निगम अधिकारियों की लापरवाही के कारण आम लोगों की समस्याएं बढ़ रही हैं.

सदन के बीचों-बीच धरने पर बैठे पार्षदों ने निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. इस दौरान पार्षद राजीव कुमार पंकू और नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई.

नगर आयुक्त और इंजीनियरों की सेवा वापस करने की मांग

आक्रोशित पार्षदों ने नगर आयुक्त और आरोपित इंजीनियरों की सेवा नगर निगम से तत्काल वापस भेजने की मांग उठायी. पार्षदों ने इंजीनियरों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते हुए स्ट्रीट लाइट की खरीदारी और मरम्मत में गड़बड़ी का आरोप लगाया.

सदन में पार्षद अर्चना पंडित, सनत कुमार, अभिमन्यु चौहान, मो अंजार, ऐनामुल हक समेत दर्जनों पार्षदों ने अधिकारियों और इंजीनियरों की कार्यप्रणाली का विरोध किया.

नारेबाजी के दौरान बेहोश हुए पार्षद राजीव पंकू

हंगामे के दौरान सदन के फर्श पर बैठकर नारेबाजी कर रहे पार्षद राजीव कुमार पंकू अचानक बेहोश हो गये. इससे कुछ देर के लिए सदन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

तुरंत सदर अस्पताल से एंबुलेंस मंगायी गयी. हालांकि अस्पताल जाने की जरूरत नहीं पड़ी और कुछ देर बाद राजीव पंकू की स्थिति सामान्य हो गयी.

आर्यन झा पर फर्जी रिपोर्ट देने का आरोप

पार्षदों ने सहायक अभियंता आर्यन झा पर स्ट्रीट लाइट की खरीदारी और मरम्मत में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया. साथ ही दावा किया कि उनके द्वारा फर्जी आंकड़े पेश कर नगर आयुक्त और बोर्ड को गुमराह किया जा रहा है.

पार्षदों ने वार्ड 28 का उदाहरण देते हुए कहा कि 19 अगस्त को 10 स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने की रिपोर्ट दी गयी थी, जबकि धरातल पर एक भी लाइट ठीक नहीं की गयी थी.

आर्यन झा और लालबाबू यादव पर कार्रवाई का निर्देश

हंगामे को नियंत्रित करते हुए बैठक की अध्यक्षता कर रहीं महापौर निर्मला साहू ने नगर आयुक्त को सहायक अभियंता आर्यन झा और कनीय अभियंता लालबाबू यादव पर अविलंब कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

महापौर ने 72 घंटे के भीतर कार्रवाई से संबंधित रिपोर्ट सौंपने का भी सख्त निर्देश दिया.

तीन उप नगर आयुक्तों की निगरानी में होगी लाइट की व्यवस्था

नगर आयुक्त ने सदन को आश्वासन दिया कि अब तीनों उप नगर आयुक्तों की सीधी निगरानी में नयी एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने और पुरानी खराब लाइटों की मरम्मत का काम कराया जाएगा.

इससे शहर में स्ट्रीट लाइट की समस्या को जल्द दूर करने की कोशिश की जाएगी.

टूटे स्लैब के एस्टिमेट को लेकर भी घिरे इंजीनियर

बैठक में शहर के टूटे स्लैब का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठा. पार्षदों ने कहा कि 15 दिन पहले निर्देश दिये जाने के बावजूद केवल वार्ड 28 का एस्टिमेट तैयार किया गया है.

इसको लेकर पार्षदों ने कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता अभिनव पुष्प से सवाल किया. नगर आयुक्त ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी वार्डों में टूटे स्लैब का एस्टिमेट तैयार कराने का भरोसा दिया.

बैठक के प्रमुख घटनाक्रम

  • बैठक स्थगित: हंगामे के कारण बोर्ड की बैठक बीच में स्थगित करनी पड़ी, अगले सप्ताह दोबारा बैठक होगी.
  • 72 घंटे में रिपोर्ट: महापौर ने आर्यन झा और लालबाबू यादव पर कार्रवाई कर 72 घंटे में रिपोर्ट देने का निर्देश दिया.
  • एलईडी लाइट की निगरानी: तीनों उप नगर आयुक्तों की सीधी निगरानी में नयी लाइट लगाने और पुरानी लाइटों की मरम्मत होगी.
  • सभी वार्डों के स्लैब का एस्टिमेट: नगर आयुक्त ने एक सप्ताह में सभी वार्डों के टूटे स्लैब का एस्टिमेट तैयार कराने का भरोसा दिया.
  • यह भी पढ़ें: डायबिटीज के मरीजों में बढ़ रहा लीवर फाइब्रोसिस और सिरोसिस का खतरा, 10 साल से अधिक पुराने मरीज रहें सतर्क


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन