Muzaffarpur: ओंकार के घर से मिला 50 से अधिक जमीन के कागजात, जब्ती को इडी को भेजा जाएगा प्रस्ताव,एसआइटी जब्त कागजातों की गंभीरता से कर रही जांच

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 03 Jun 2026 9:40 PM

विज्ञापन

Muzaffarpur: ओंकार के घर से मिला 50 से अधिक जमीन के कागजात, जब्ती को इडी को भेजा जाएगा प्रस्ताव,एसआइटी जब्त कागजातों की गंभीरता से कर रही जांच

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के शूटर गोविंद हत्याकांड में गिरफ्तार प्रॉपर्टी डीलर रनंजय ओंकार को जेल भेज दिया गया है . पुलिस ने उसके पास से एक फॉर्च्यूनर कार और 50 से अधिक जमीनों के दस्तावेज जब्त किए हैं .

विज्ञापन

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के आइकॉन टावर के समीप हुए कुख्यात शूटर गोविंद की हत्या में गिरफ्तार प्रॉपर्टी डीलर कुमार रनंजय ओंकार से एसआइटी की पूछताछ पूरी हो गयी है. पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी करके अलग- अलग प्लॉट के 50 से अधिक कागजात, दो मोबाइल फोन को जब्त किया है. यह जमीन किसके नाम पर रजिस्ट्री है, इसकी जांच की जा रही है. साथ ही एसआइटी ने अपार्टमेंट के बेसमेंट से एक फॉर्च्यूनर कार , गोविंद का एक मोबाइल, 36 हजार 700 नकद, पांच कारतूस , पांच मिस फायर कारतूस व नौ खोखा को जब्त किया है. नगर थाने की पुलिस ने बुधवार की देर शाम रनंजय ओंकार को कोर्ट में प्रस्तुत किया. जहां से उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

वर्चस्व, आपसी रंजिश और फॉर्च्यूनर कार का था विवाद


एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने बताया है कि 31 मई की रात नगर थाना क्षेत्र के आइकॉन टावर अपार्टमेंट में गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इस घटना में मृतक की पत्नी रीना उर्फ अंजली के बयान पर बिजनेस पार्टनर कुमार रनंजय ओंकार, पूर्व पार्टनर बाबुल चौधरी व पटना की महिला डॉक्टर जैसमिन परवीन को नामजद आरोपी बनाया था. कांड की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के अनुश्रवण में नगर एएसपी वन सुरेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था. टीम ने मैनुअल व टेक्निकल इनपुट के आधार पर कांड में नामजद आरोपी कुमार रनंजय ओंकार जो मिठनपुरा के रहने वाले हैं, उनको गिरफ्तार किया गया है. उसके घर की तलाशी लेने में 50 से अधिक प्रॉपर्टी से संबंधित कागजात जब्त किया गया. जिसकी जांच की जा रही है. जरूरत पड़ने पर इडी को जब्ती को लेकर प्रस्ताव भेजा जाएगा.


आपसी रंजिश, वर्चस्व व भूमि कारोबार में हत्या की बात आयी सामने

एसएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गोविंद की हत्या के पीछे आपसी रंजिश, वर्चस्व व जमीन कारोबार को लेकर पूर्व से चल रहे विवाद को लेकर हत्या की गयी है. गोविंद व रनंजय ओंकार के बीच में एक फॉर्च्यूनर वाहन को लेकर भी विवाद था. यह कार ओंकार के भाई के नाम पर रजिस्टर्ड था. लेकिन, उसका उपयोग गोविंद के द्वारा किया जाता था. रजिस्ट्रेशन को लेकर भी दोनों के बीच में विवाद बढ़ गया था. इसका जिक्र प्राथमिकी में मृतक की पत्नी ने भी किया है.

ओंकार व गोविंद पूर्व मेयर और आशुतोष शाही हत्याकांड में थे अभियुक्त


प्रॉपर्टी डीलर कुमार रनंजय ओंकार व गोविंद शर्मा 2018 में हुए पूर्व मेयर समीर कुमार व 2023 में हुए आशुतोष शाही हत्याकांड में सह अभियुक्त रह चुके हैं. गोविंद शर्मा के खिलाफ मुजफ्फरपुर तीन हत्या, दो रंगदारी,एक हत्या का प्रयास, अपहरण समेत कुल आठ मामला व पटना में रंगदारी व आर्म्स एक्ट के दो प्राथमिकी दर्ज है. वहीं, रनंजय ओंकार पर नगर थाने में दो हत्या व एक रंगदारी की प्राथमिकी दर्ज है.

पटना से महिला डॉक्टर है फरार, गिरफ्तारी को चल रही छापेमारी


पटना की महिला डॉक्टर जो इस कांड में नामजद आरोपी है जहां पुलिस टीम छापेमारी के लिए पहुंची थी मगर वह फरार मिली है. पुलिस टीम उसके सभी संभावित ठिकाने को ट्रेस कर रही है, वहीं तीसरा नामजद आरोपी बाबुल चौधरी को भी एसआइटी ट्रेस कर रही है. जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन