भगवानपुर में कांग्रेस का छात्र संवाद, पेपर लीक और बेरोजगारी पर मंथन

आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों को संबोधित करते कांग्रेस नेता एवं उपस्थित युवा
Muzaffarpur Congress Event: मुजफ्फरपुर के भगवानपुर में कांग्रेस की ओर से आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों ने शिक्षा, बढ़ती फीस, पेपर लीक और सम्मानजनक रोजगार की मांग को लेकर अपनी आवाज बुलंद की. कांग्रेस नेताओं ने उनकी मांगों का समर्थन करते हुए संघर्ष जारी रखने का भरोसा दिया.
Muzaffarpur Congress Event: मुजफ्फरपुर के भगवानपुर स्थित एक निजी होटल में कांग्रेस पश्चिमी की ओर से ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखी. कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों की समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए संवाद स्थापित करना था.
जिलाध्यक्ष बोले- देश का भविष्य छात्रों के हाथों में
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कांग्रेस पश्चिमी के जिलाध्यक्ष कृपाशंकर शाही ने कहा कि देश का भविष्य छात्रों के हाथों में है. उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार, बेरोजगारी का समाधान और प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है. इन समस्याओं का समाधान किए बिना देश का समग्र विकास संभव नहीं है.
राहुल गांधी के विचारों का किया गया प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर दिए गए वक्तव्यों का प्रदर्शन किया गया. इसके जरिए युवाओं को यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि शिक्षा और रोजगार के सवाल राष्ट्रीय स्तर पर भी उठाए जा रहे हैं.
छात्रों ने रखीं अपनी समस्याएं
कार्यक्रम में प्रियांशु, अनुराग, सन्नी और कुणाल सहित कई छात्रों ने बढ़ती फीस, शिक्षा की गिरती गुणवत्ता, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और रोजगार की कमी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया. छात्रों ने कहा कि उन्हें केवल डिग्री नहीं, बल्कि सम्मानजनक रोजगार और पारदर्शी व्यवस्था चाहिए.
कांग्रेस नेताओं ने दिया समर्थन का भरोसा
कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस नेताओं ने छात्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर सुरेश शर्मा नीरज, सुशील शाही, ओंकार नाथ चौधरी, त्रिभुवन पटेल सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सभी ने युवाओं की आवाज को हर स्तर पर मजबूती से उठाने का संकल्प लिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










