मुजफ्फरपुर में पिस्टल और कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार, दरभंगा के लूटकांड में भी संलिप्तता
पुलिस ने वाहन जांच के दौरान पिस्टल, कारतूस और बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. आरोपी ने दरभंगा में फाइनेंस कर्मी से लूट की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है.
मुजफ्फरपुर: जिले के जजुआर ओपी (कटरा) क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस ने पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. उसकी पहचान सीतामढ़ी जिले के बोखरा थाना क्षेत्र निवासी सुजीत कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, मोटरसाइकिल और मोबाइल बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दरभंगा के जाले थाना क्षेत्र में फाइनेंस कर्मी से लूट की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है.
पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगे दो युवक
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सघन छापेमारी और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 को जजुआर ओपी पुलिस वाहन जांच कर रही थी.
इसी दौरान पुलिस की गाड़ी देखकर मोटरसाइकिल सवार दो युवक भागने लगे. पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. तलाशी के दौरान सुजीत कुमार के पास से पिस्टल, कारतूस, बाइक और मोबाइल बरामद हुए. इस मामले में जजुआर ओपी में कांड संख्या 300/26 दर्ज किया गया है.
जाले में फाइनेंस कर्मी से लूट की बात स्वीकारने का दावा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सुजीत ने बताया कि उसने इसी अपाची बाइक से अपने साथी रौशन के साथ मिलकर दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के मलिकपुर में फाइनेंस कर्मी से लूट की घटना को अंजाम दिया था. इसके अलावा बोखरा में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की बात भी सामने आयी है.
पुलिस ने बताया कि सुजीत के खिलाफ पहले से भी मामले दर्ज हैं. इनमें दरभंगा के जाले थाना में कांड संख्या 243/26 और सीतामढ़ी के बोखरा थाना में कांड संख्या 287/26 शामिल हैं. पुलिस फरार साथी की तलाश कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.
ये सामान हुए बरामद
- एक पिस्टल
- एक जिंदा कारतूस
- एक मोटरसाइकिल
- एक मोबाइल
यह भी पढ़ें
छठ के बाद मुजफ्फरपुर जंक्शन पर यात्रियों की भारी भीड़, पार्सल बोगी में सफर करने की मजबूरी
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए