मुजफ्फरपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव, ब्लिंकिट डिलीवरी ब्वॉय को मारी गोली, बाइक की नंबर प्लेट पर पोती थी मिट्टी

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए ब्लिंकिट डिलीवरी बॉय को गोली मार दी. काम से घर लौट रहे युवक पर हमला हुआ, जिससे इलाके में दहशत फैल गई. पुलिस सक्रिय रूप से अपराधियों की तलाश कर रही है.

विज्ञापन

Blinkit Delivery Boy Firing: मुजफ्फरपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिस गश्ती और कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है. शनिवार की देर रात मुरौल ओपी क्षेत्र में बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने काम से घर लौट रहे डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट के 18 वर्षीय कर्मचारी को गोली मार दी. गोली युवक के दाहिने कंधे में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा. वारदात को अंजाम देकर बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए. इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से इलाके में भारी दहशत का माहौल है.

विज्ञापन

Muzaffarpur Crime News: काम खत्म कर घर लौट रहा था डिलीवरी कर्मी

घायल युवक की पहचान पीयर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव निवासी रवीन्द्र कुशवाहा के 18 वर्षीय पुत्र राजन कुमार के रूप में हुई है. राजन शहर के मिठनपुरा स्थित ऑनलाइन डिलीवरी कंपनी ब्लिंकिट में डिलीवरी ब्वॉय के तौर पर काम करता है. घायल राजन ने बताया कि शनिवार देर रात करीब 12:40 बजे वह अपनी ड्यूटी समाप्त कर बाइक से घर लौट रहा था. जैसे ही वह मुरौल ओपी क्षेत्र के मोहम्मदपुर राइस मिल के पास पहुंचा, घात लगाए बदमाशों ने उसे घेर लिया.

ताबड़तोड़ फायरिंग, कंधे में गोली लगने से सड़क पर गिरा

राइस मिल के पास पहले से मौजूद अपराधियों ने बिना किसी बातचीत के राजन पर अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. एक गोली सीधे उसके दाहिने कंधे में जा धंसी. गोली लगते ही वह दर्द से चीखते हुए सड़क पर गिर पड़ा. युवक को खून से लथपथ देखकर तीनों हमलावर पल्सर बाइक पर सवार होकर हवा में हथियार लहराते हुए तेजी से फरार हो गए. आसपास से गुजर रहे राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से जख्मी युवक को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.

पहचान छिपाने के लिए नंबर प्लेट पर लगा रखी थी मिट्टी

जख्मी युवक ने पुलिस को बताया कि अपराधी काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे. पुलिस और सीसीटीवी कैमरों की नजरों से बचने के लिए शातिर बदमाशों ने सोची-समझी साजिश के तहत अपनी बाइक की नंबर प्लेट पर गीली मिट्टी का मोटा लेप लगा रखा था, ताकि गाड़ी का रजिस्ट्रेशन नंबर किसी को दिखाई न दे. अपराधियों का यह तरीका दर्शाता है कि उन्होंने पूरी योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया.

CCTV फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुरौल ओपी की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और मामले की तफ्तीश शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं. अधिकारियों का कहना है कि राइस मिल और हाईवे के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का दावा है कि बदमाशों के भागने के रूट को ट्रैक किया जा रहा है और जल्द ही तीनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन