प्रेम प्रसंग में भागी लड़की प्रेमी के साथ पहुंची थाना, करायी गई शादी
Published by : ANAND KUMAR Updated At : 02 Feb 2026 7:50 PM
पुलिस लगातार लड़की की खोज के लिए दबिश बना रही थी.
हवेली खड़गपुर- हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के तेघड़ा गांव से 23 जनवरी को अपने प्रेमी के साथ फरार हुई अजय साह की 19 वर्षीय पुत्री पायल कुमारी की शादी सोमवार को थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में कराई गई. यह विवाह दोनों पक्षों की आपसी सहमति के बाद पुलिस की मौजूदगी में कराया गया. जिसमें पुलिसकर्मी और ग्रामीण बाराती बने. यह अनोखी शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. जानकारी के अनुसार भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी श्रीरामपुर निवासी ब्रजेश कुमार और खड़गपुर थाना क्षेत्र के तेघड़ा गांव निवासी पायल कुमारी के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम चल रहा था. दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का निर्णय कर चुके थे और 23 जनवरी को पायल कुमारी घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली और अपने प्रेमी के साथ भागलपुर चली गई. इस मामले में 28 जनवरी को पायल के पिता अजय साह ने खड़गपुर थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस लगातार लड़की की खोज के लिए दबिश बना रही थी. लेकिन 2 फरवरी को प्रेमी युगल स्वयं थाना पहुंच गये और अपने-अपने बालिग होने से संबंधित प्रमाण पत्र पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किया. पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए दोनों पक्षों के परिजनों को थाना बुलाया और दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति कराते हुए विधि विधान के साथ थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में विवाह कराया. विवाह के दौरान पुलिसकर्मी, परिजन और स्थानीय ग्रामीण इसके साक्षी बने. शादी के बाद दोनों के परिजन खुश हुए और घर लौटे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










