सावधान! DM ऑफिस के नाम पर वायरल हो रहा अटेंडेंट भर्ती का यह लेटर है बिल्कुल फेक; भूलकर भी न दें पैसे और डॉक्यूमेंट्स
फोटो- फर्जी विज्ञापन | Prabhat Khabar Network
मुंगेर जिले में 31 अटेंडेंट पदों के लिए भर्ती का एक विज्ञापन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे जिला प्रशासन ने पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक बताया है. इस झूठे विज्ञापन के जरिए नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों को ठगा जा सकता है.
मुंगेर. सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों पर “Munger District Attenders Recruitment 2026” के नाम से वायरल हो रहा 31 अटेंडेंट पदों पर भर्ती का विज्ञापन फर्जी और भ्रामक है. जिला प्रशासन ने गुरुवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आम लोगों और नौकरी के इच्छुक अभ्यर्थियों को इस वायरल विज्ञापन के प्रति सतर्क किया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुंगेर जिले में इस प्रकार की कोई भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गयी है और न ही जिला प्रशासन की ओर से ऐसा कोई विज्ञापन जारी किया गया है.
आपके शहर में
31 पदों पर भर्ती, वेतन और आवेदन की दी गयी थी जानकारी
वायरल विज्ञापन में अटेंडेंट के 31 पदों पर नियुक्ति, वेतनमान, आयु सीमा, ऑफलाइन आवेदन और 20 सितंबर 2026 तक आवेदन जमा करने जैसी जानकारियां दी गयी हैं. विज्ञापन में “Office of the District Magistrate, Munger” और “General Administration Department” का उल्लेख किया गया है.सरकारी प्रारूप और प्रतीकों का इस्तेमाल किए जाने के कारण यह विज्ञापन पहली नजर में वास्तविक प्रतीत हो सकता है. इससे नौकरी की तलाश कर रहे अभ्यर्थियों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है.
जिला प्रशासन ने भर्ती प्रक्रिया से किया इनकार
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुंगेर में अटेंडेंट के 31 पदों पर इस तरह की कोई भर्ती प्रक्रिया संचालित नहीं की जा रही है. प्रशासन की ओर से ऐसा कोई विज्ञापन भी जारी नहीं किया गया है. प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वायरल विज्ञापन के आधार पर किसी प्रकार का आवेदन नहीं करें. साथ ही किसी व्यक्ति या संस्था को पैसे अथवा अपने निजी दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने की सलाह दी गयी है.
आधिकारिक माध्यम से ही भर्ती की सूचना पर करें भरोसा
जिला प्रशासन ने बताया कि सरकारी नियुक्ति से संबंधित अधिकृत विज्ञापन सक्षम प्राधिकार द्वारा निर्धारित आधिकारिक माध्यमों और जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाते हैं. इसलिए किसी भी भर्ती सूचना पर भरोसा करने से पहले उसके आधिकारिक स्रोत से सत्यापन करना जरूरी है. अभ्यर्थियों को सलाह दी गयी है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित भर्ती संबंधी संदेशों या विज्ञापनों को बिना जांचे आगे साझा करने या उनके आधार पर आवेदन करने से बचें.
नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगे तो रहें सतर्क
प्रशासन ने लोगों से विशेष अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर यदि कोई व्यक्ति पैसे की मांग करता है तो तत्काल सतर्क रहें. फर्जी भर्ती विज्ञापन के जरिए अभ्यर्थियों से आवेदन शुल्क, दस्तावेज या अन्य निजी जानकारी हासिल कर ठगी की जा सकती है. ऐसे किसी भी दावे की सत्यता आधिकारिक स्रोत से जांचने के बाद ही आगे की कार्रवाई करें.
Also Read: “बऊआ कहीं ना मिलल…”, नेपाल बाढ़ त्रासदी में भाई को ढूंढ़ने गये वीरेंद्र खाली हाथ लौटे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए