मुंगेर में चार दिनों से महाजाम, NH-80 व NH-333B पर रेंगते रहे वाहन, बरियारपुर से शहर पहुंचने में लगे तीन घंटे

Updated:
विज्ञापन

एप्रोच पथ पर जाम में फंसे वाहन. | Prabhat Khabar Network

मुंगेर में राष्ट्रीय उच्च पथ 80 और 333बी पर सड़क निर्माण कार्य व बारिश के कारण चार दिनों से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. नया रामनगर से श्रीकृष्ण सेतु तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है.

विज्ञापन

सड़क निर्माण कार्य, जर्जर सड़कों और बारिश के कारण मुंगेर के राष्ट्रीय उच्च पथ 80 एवं 333बी पर पिछले चार दिनों से यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरायी हुई है. गुरुवार की सुबह एक बार फिर नया रामनगर थाना मोड़ से तेलिया तालाब और श्रीकृष्ण सेतु के एप्रोच पथ तक महाजाम की स्थिति बनी रही. सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन जाम में फंसे रहे. घंटों वाहन रेंगते रहे, जिससे यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.

आपके शहर में

विज्ञापन

नया रामनगर से श्रीकृष्ण सेतु तक लगी वाहनों की लंबी कतार

गुरुवार सुबह नया रामनगर थाना मोड़ से तेलिया तालाब तक वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी रही. इसके बाद तेलिया तालाब से श्रीकृष्ण सेतु तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी. श्रीकृष्ण सेतु के एप्रोच पथ पर बड़े वाहनों की संख्या अधिक होने से जाम की स्थिति और विकट हो गयी. जाम में फंसे वाहन चालक और यात्री घंटों सड़क पर इंतजार करने को मजबूर रहे.

बरियारपुर से मुंगेर पहुंचने में लगे तीन घंटे

श्रीकृष्ण सेतु के एप्रोच पथ स्थित बांक मोड़ के समीप जाम में फंसे ट्रक चालक पिंटू कुमार और मोहम्मद एजाज ने बताया कि बरियारपुर से यहां तक पहुंचने में करीब तीन घंटे लग गये. सामान्य दिनों में यह दूरी काफी कम समय में पूरी हो जाती है. लंबे जाम के कारण समय के साथ ईंधन की भी बर्बादी हो रही है.

एनएच-80 और एनएच-333बी की बदहाली बनी बड़ी वजह

एप्रोच पथ जाम में फंसे वाहन | Prabhat Khabar Network
एप्रोच पथ जाम में फंसे वाहन | Prabhat Khabar Network

जाम की प्रमुख वजह एनएच-80 और एनएच-333बी की जर्जर स्थिति के साथ नया रामनगर थाना मोड़ से तेलिया तालाब मोड़ तक चल रहा सड़क निर्माण कार्य बताया जा रहा है. बारिश के बाद सड़कों पर बने गड्ढों और जलजमाव ने समस्या को और गंभीर कर दिया है. इसके कारण वाहनों की रफ्तार काफी धीमी हो गयी है.

इसका असर एनएच-333 फोरलेन सहित शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर भी पड़ रहा है. प्रतिदिन हजारों लोग घंटों जाम में फंसकर परेशान हो रहे हैं.

स्थायी समाधान की मांग, व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि लगातार जाम के बावजूद समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी पहल नहीं हो रही है. प्रमुख जाम स्थलों पर यातायात को नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से परेशानी लगातार बढ़ रही है.

लोगों ने प्रशासन से जर्जर सड़कों की मरम्मत कराने, निर्माण कार्य में तेजी लाने और जाम वाले स्थानों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि रोजाना लगने वाले महाजाम से लोगों को राहत मिल सके.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन