किराना दुकान में पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, तीन लाख की संपत्ति जलकर राख

Updated:
विज्ञापन
किराना दुकान में पेट्रोल छिड़ककर लगाई आग, तीन लाख की संपत्ति जलकर राख

किराना दुकान

मुंगेर के टेटियाबंबर में असामाजिक तत्वों ने शनिवार की रात एक किराना दुकान पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है, वहीं पीड़ित दुकानदार ने प्रशासन से मुआवजे की गुहार लगाई है.

विज्ञापन

मुंगेर से राणा गौरी शंकर की रिपोर्ट: जिले के टेटियाबंबर थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतपुरा दुर्गा मंदिर के समीप शनिवार की देर रात असामाजिक तत्वों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक किराना दुकान को आग के हवाले कर दिया. पेट्रोल छिड़ककर लगाई गई इस आग में दुकान के अंदर रखी करीब तीन लाख रुपये मूल्य की संपत्ति जलकर राख हो गई. घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने स्थानीय प्रशासन से न्याय और मुआवजे की गुहार लगाई है.

देर रात अज्ञात तत्वों ने दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार, तिलकारी गांव निवासी विनोदी मंडल जगतपुरा दुर्गा मंदिर के पास किराना और पूजा सामग्री की दुकान चलाते हैं. पीड़ित दुकानदार ने बताया कि वह शनिवार की रात रोजाना की तरह अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे. इसी बीच अज्ञात असामाजिक तत्वों ने दुकान पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी. आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा किराना सामान, पूजा-पाठ की सामग्री और कपड़ों का पूरा स्टॉक स्वाहा हो गया.

नगदी समेत तीन लाख का नुकसान

दुकानदार विनोदी मंडल के अनुसार, आगजनी की इस घटना में करीब 20 हजार रुपये नगद सहित कुल तीन लाख रुपये की क्षति हुई है. सुबह जब घटना की जानकारी मिली तो दुकान के अंदर केवल राख और जला हुआ सामान ही बचा था. इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.

जांच में जुटी पुलिस

मामले की सूचना मिलते ही टेटियाबंबर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है और संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है और घटना में संलिप्त दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल इस घटना को लेकर स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन