ePaper

भोजपुर में अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार फेरी वाले को कुचला, इलाज में देरी से मौत

Updated at : 20 Aug 2023 3:56 PM (IST)
विज्ञापन
भोजपुर में अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार फेरी वाले को कुचला, इलाज में देरी से मौत

भोजपुर जिले में शाहपुर थाना क्षेत्र के भरौली गांव के समीप रविवार की सुबह अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एक फेरी वाले को जोरदार टक्कर मार दी. इलाज के दौरान सदर अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में उसने दम तोड़ा.

विज्ञापन

आरा. भोजपुर जिले में शाहपुर थाना क्षेत्र के भरौली गांव के समीप रविवार की सुबह अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एक फेरी वाले को जोरदार टक्कर मार दी. इलाज के दौरान सदर अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में उसने दम तोड़ा. वहीं, अधेड़ की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में इलाज में देरी होने के आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया. इसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों द्वारा परिजनों को समझा-बुझाकर उन्हें शांत कराया गया.

दोस्त की पत्नी को पैसे देकर लौटने के क्रम में हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मृतक शाहपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर वार्ड नंबर 10 निवासी केशव मिश्रा के 55 वर्षीय पुत्र मथुरा मिश्रा है एवं वह घूम-घूमकर फेरी किया करते थे. इधर, मृतक के भतीजे एक चंदेश्वर मिश्रा ने बताया कि स्थानीय थाना क्षेत्र के कारनामेपुर गांव निवासी उनके दोस्त शंकर पंजाब के लुधियाना में रहकर प्राइवेट काम करते हैं और उन्होंने उनके अकाउंट में 4 हजार रुपए भेजा था. पैसे भेजने के बाद उन्होंने कहा था कि पैसे निकाल कर मेरे घर पर पत्नी को दे देना.

पैसा देने जा रहा था

जब वह पैसा देकर वापस अपने गांव लौट रहे थे, उसी दौरान भरौली गांव के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनके बाइक मे जोरदार टक्कर मार दी. इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इसके बाद परिजन द्वारा उन्हें इलाज के लिए शाहपुर रेफरल अस्पताल से आरा सदर अस्पताल लाया गया. वहां शिफ्ट खत्म होने के पहले वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मी अपना-अपना सामान समेट कर वापस जा रहे थे.

गिड़गिड़ाते रहे लेकिन नहीं स्वास्थ्य कर्मियों ने नहीं किया इलाज

इस दौरान मृतक के परिजन गिड़गिड़ा रहे थे कि थोड़ा उन्हें देख लीजिए और जो भी प्राथमिक उपचार कर दीजिए. लेकिन, स्वास्थ्य कर्मियों ने उनकी एक नहीं सुनी और नहीं उनका इलाज किया. उसी बीच उन्होंने दम तोड़ दिया. उनके मौत के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा इलाज नहीं करने कारण उनकी मौत हो जाने का आरोप लगाते हुए इमरजेंसी वार्ड में जमकर हंगामा किया. इसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों द्वारा परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया.

सूचना पाकर पहुंची पुलिस

परिजनों ने इसकी सूचना सदर अस्पताल में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारी को दी. सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवाया. बताया जाता है कि मृतक अपने चार भाई व दो बहन में छोटे थे एवं उनकी शादी नहीं हुई थी. मृतक के परिवार में मां, तीन भाई सुरेश मिश्रा, प्रवेश मिश्रा, अयोध्या मिश्रा व दो व दो बहन दुलार देवी एवं मन्नू देवी है. हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है. वहीं, इस हादसे के बाद मृतक की मां एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रो बुरा हाल है.

विज्ञापन
Ashish Jha

लेखक के बारे में

By Ashish Jha

डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों का अनुभव. लगातार कुछ अलग और बेहतर करने के साथ हर दिन कुछ न कुछ सीखने की कोशिश. वर्तमान में बंगाल में कार्यरत. बंगाल की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को टटोलने के लिए प्रयासरत. देश-विदेश की घटनाओं और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स को सीखने की चाहत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन