नेपाल में बाढ़ के बीच केसरिया के तीन युवक लापता, 26 अगस्त की सुबह हुई थी परिजनों से आखिरी बात

Updated:
विज्ञापन

चिंता में डूबे परिजन

नेपाल के रसुवा क्षेत्र में बाढ़ की त्रासदी के बीच केसरिया प्रखंड के तीन युवक 26 अगस्त से लापता हैं. रामबाबू साह, प्रमोद प्रसाद और मुनील कुमार रसुवा स्थित एक हाइड्रो प्लांट में काम करते थे और अचानक संपर्क टूट गया. कई दिनों से कोई सुराग न मिलने पर परिवारों में चिंता बढ़ गई है.

विज्ञापन

Motihari News: नेपाल के रसुवा क्षेत्र में आई बाढ़ और त्रासदी के बीच केसरिया प्रखंड के बथना पंचायत के जागीराहां वार्ड संख्या-9 के तीन युवक 26 अगस्त की सुबह से लापता हैं. रामबाबू साह, प्रमोद प्रसाद और मुनील कुमार रसुवा स्थित एक हाइड्रो प्लांट में साथ रहकर काम करते थे. परिजनों के अनुसार 26 अगस्त की सुबह तक तीनों से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन इसके बाद अचानक संपर्क टूट गया. कई दिनों से कोई सुराग नहीं मिलने के कारण तीनों परिवारों में चिंता और बेचैनी बढ़ती जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Kesaria News: हाइड्रो प्लांट में साथ काम करते थे तीनों युवक

रामबाबू साह, प्रमोद प्रसाद और मुनील कुमार रसुवा क्षेत्र स्थित एक हाइड्रो प्लांट में एक साथ रहकर काम करते थे. परिजनों के अनुसार 26 अगस्त की सुबह तक उनसे मोबाइल पर बातचीत हुई थी. इसके बाद फोन से संपर्क नहीं हो सका.

नेपाल में बाढ़ और त्रासदी की खबरों के बीच संपर्क टूटने से परिजनों की चिंता और बढ़ गई है. परिवार के लोग लगातार तीनों युवकों की जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं.

दिल्ली से भाई की तलाश में नेपाल रवाना हुए वीरेंद्र कुमार

रामबाबू साह के बड़े भाई एवं सेवानिवृत्त शिक्षक वीरेंद्र कुमार दिल्ली में रहते हैं. भाई के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को वह रामबाबू, अपने चचेरे भाई प्रमोद और मुनील की तलाश के लिए दिल्ली से नेपाल रवाना हो गए.

वहीं गांव के लालबाबू प्रसाद, गिन्नीलाल साह समेत अन्य लोग भी नेपाल जाकर खोजबीन करने की तैयारी में हैं.

काठमांडू में रिश्तेदार भी तलाश में जुटे

तीनों युवकों के कुछ रिश्तेदार काठमांडू में रहते हैं. वे भी अपने स्तर से रसुवा क्षेत्र में संपर्क कर तीनों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रहे हैं.

परिजनों को उम्मीद है कि स्थानीय स्तर पर खोजबीन और प्रशासनिक प्रयासों से जल्द तीनों युवकों के बारे में कोई जानकारी मिल सकेगी.

परिजनों ने डीएम को ई-मेल भेजकर मांगी मदद

लगातार संपर्क नहीं होने के बाद परिजनों ने घटना की सूचना जिलाधिकारी को ई-मेल के माध्यम से दी है. उन्होंने तीनों युवकों की सकुशल बरामदगी के लिए प्रशासन से आवश्यक पहल करने की गुहार लगाई है.

परिजनों का कहना है कि कई दिनों से कोई सुराग नहीं मिलने के कारण परिवार के सभी सदस्य किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं.

रामबाबू पर थी परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी

रामबाबू साह पर परिवार के भरण-पोषण के साथ अपने दो पुत्रों और दो पुत्रियों की पढ़ाई की जिम्मेदारी थी. उनकी बड़ी बेटी सोनम स्नातक की पढ़ाई कर रही है, जबकि रिया सातवीं कक्षा में पढ़ती है. वहीं जयंत और दर्शित भी पढ़ाई कर रहे हैं.

रामबाबू की पत्नी रीता देवी समेत पूरा परिवार उनकी सकुशल वापसी की आस लगाए हुए है. इसी तरह प्रमोद प्रसाद की पत्नी वीणा देवी और मुनील कुमार की पत्नी किरण देवी भी अपने-अपने पति के सुरक्षित लौटने का इंतजार कर रही हैं.

यह भी पढ़ें: किताबों से आगे खेलों से सीखेंगे बच्चे, अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी में हुई खास चर्चा



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन