Motihari: थाने से 500 मीटर दूर हुई हिंसा, वक्त पर नहीं पहुंची डायल-112, एसपी ने 4 पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

संग्रामपुर में भूमि विवाद के चलते हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना स्थल थाने से महज 500 मीटर दूर होने के बावजूद पुलिस समय पर नहीं पहुंची. इस लापरवाही के आरोप में एसपी ने थानाध्‍यक्ष सहित चार पुलिसकर्मियों को तत्‍काल निलंबित कर दिया है.

विज्ञापन

Motihari News: संग्रामपुर थाना क्षेत्र में भूमि विवाद को लेकर हुई हिंसक झड़प और एक व्यक्ति की मौत के मामले में एसपी स्वर्ण प्रभात ने बड़ी कार्रवाई की है. कर्तव्य में घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में नाकाम रहने के आरोप में संग्रामपुर के थानाध्यक्ष अनुप कुमार समेत चार पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. जांच में सामने आया कि थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर वारदात हुई, लेकिन पुलिस और डायल-112 समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी.

आपके शहर में

विज्ञापन

Sangrampur News: भूमि विवाद में हिंसक झड़प, एक व्यक्ति की हुई मौत

एसपी स्वर्ण प्रभात के अनुसार, 28 अगस्त 2026 को संग्रामपुर के दुसाध पट्टी में रमेश पासवान और दुखी पासवान के परिवारों के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई.

इस दौरान घरों में तोड़फोड़ भी की गयी. घटना में प्रथम पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए. इनमें रमेश पासवान की इलाज के दौरान मौत हो गयी.

थाने से महज 500 मीटर दूर होती रही वारदात, नहीं पहुंची पुलिस

मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अरेराज की ओर से की गयी. जांच रिपोर्ट में स्थानीय पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आयी.

रिपोर्ट के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव की स्थिति थी, लेकिन पुलिस की ओर से किसी तरह का निरोधात्मक कदम नहीं उठाया गया. घटना स्थल संग्रामपुर थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर था, इसके बावजूद स्थानीय पुलिस और डायल-112 की टीम समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी.

डायल-112 की गाड़ी खराब होने का दिया गया हवाला

पुलिस की देरी को लेकर एसपी ने थानाध्यक्ष से स्पष्टीकरण मांगा. जवाब में थानाध्यक्ष की ओर से बताया गया कि डायल-112 का वाहन खराब था और पुलिसकर्मी निजी वाहन से गश्ती कर रहे थे.

एसपी ने इस स्पष्टीकरण को स्वीकार नहीं किया. इसे ड्यूटी के प्रति घोर लापरवाही और मातहत पुलिसकर्मियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने का मामला माना गया.

थानाध्यक्ष से 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय में उनकी ओर से कोई जवाब दाखिल नहीं किया गया.

थानाध्यक्ष अनुप कुमार समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

जांच में पुलिस आचरण के प्रतिकूल कार्य और प्रशासनिक नियंत्रण में कमी सामने आने के बाद एसपी ने चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया.

निलंबित पुलिसकर्मियों में:

  • अनुप कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक सह थानाध्यक्ष, संग्रामपुर
  • सूर्य नारायण यादव, सहायक अवर निरीक्षक
  • उजाला कुमारी, महिला कांस्टेबल
  • रतन कुमार महतो, कांस्टेबल

शामिल हैं.

एसपी बोले- कानून व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया कि जनता की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

संग्रामपुर की घटना में पुलिस की भूमिका और समय पर कार्रवाई नहीं किए जाने को गंभीरता से लेते हुए यह कार्रवाई की गयी है. पुलिस विभाग की ओर से मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी समीक्षा की जा रही है.

यह भी पढ़ें: बहन से कहासुनी के बाद घर से निकली 15 साल की छात्रा, पुल पर पहुंचकर नदी में कूदी

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन