Motihari: ATM से 37.36 लाख लूटने वाले मास्टरमाइंड पर शिकंजा, अब घरों की कुर्की-जब्ती की तैयारी
सांकेतिक तस्वीर
मोतिहारी में 37.36 लाख रुपये की ATM लूट के मास्टरमाइंड पर पुलिस का शिकंजा कस गया है. फरार दो इनामी बदमाशों के घरों की कुर्की-जब्ती की तैयारी शुरू हो गई है. यह कार्रवाई 25-25 हजार रुपये के इनामी अपराधियों पर की जाएगी.
Motihari Crime News: मोतिहारी. रघुनाथपुर में एसबीआई के एटीएम से 37.36 लाख रुपये लूटने वाले गिरोह पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है. कांड के मास्टरमाइंड समेत दो इनामी बदमाश अब भी फरार हैं. न्यायालय से इश्तेहार जारी होने के बाद भी दोनों ने आत्मसमर्पण नहीं किया. ऐसे में पुलिस ने अब उनके घरों की कुर्की-जब्ती की तैयारी शुरू कर दी है.
आपके शहर में
हरियाणा के नूंह जिले के पिनगंवा गांव निवासी साहजत और जुनैद पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं. दोनों पर एसपी स्वर्ण प्रभात ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है.
हरियाणा में कई ठिकानों पर पुलिस कर चुकी है छापेमारी
दोनों फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम हरियाणा में उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे चुकी है. हालांकि, पुलिस को दोनों का कोई सुराग नहीं मिला.
इसके बाद न्यायालय के आदेश पर उनके घरों पर इश्तेहार चस्पा कराया गया. इश्तेहार के बावजूद दोनों के आत्मसमर्पण नहीं करने पर पुलिस अब अगली कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुट गयी है.
एक-दो दिनों में नूंह रवाना हो सकती है पुलिस टीम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुर्की-जब्ती की कार्रवाई के लिए टीम गठित की जा रही है. एक-दो दिनों में पुलिस टीम हरियाणा के नूंह जिले के लिए रवाना हो सकती है.
इस कार्रवाई से दोनों फरार इनामी आरोपितों पर गिरफ्तारी का दबाव और बढ़ने की उम्मीद है.
गैस कटर से काटकर ATM से उड़ाये थे 37.36 लाख
29 अप्रैल की देर रात रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के मेन रोड बस स्टैंड स्थित एसबीआई एटीएम को बदमाशों ने गैस कटर से काट दिया था. इसके बाद एटीएम में रखे 37.36 लाख रुपये निकालकर बदमाश फरार हो गये थे.
घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की. जांच आगे बढ़ने के साथ ही वारदात के तार हरियाणा के एक संगठित गिरोह से जुड़ते चले गये.
दो बदमाशों की गिरफ्तारी से खुला लूटकांड का राज
पुलिस की विशेष टीम ने हरियाणा के नूंह जिले के ओहता गांव निवासी साहिल और राजस्थान के खैरतल जिले के गोवालदा गांव निवासी जुहूर खां को गिरफ्तार किया था.
इनके पास से गैस कटर में इस्तेमाल होने वाला पीतल का नोजल, नीला रबर पाइप समेत कई अहम सामान बरामद किये गये. पूछताछ और जांच से मिले सुरागों के आधार पर साहजत और जुनैद की भूमिका भी सामने आयी.
इश्तेहार के बाद भी नहीं किया सरेंडर, अब कुर्की की बारी
पुलिस के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार की कार्रवाई पूरी होने के बावजूद दोनों आरोपितों ने आत्मसमर्पण नहीं किया. ऐसे में अब न्यायालय के आदेश के तहत उनके घरों की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस टीम जल्द ही नूंह पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दे सकती है.
यह भी पढ़ें: पैसा नहीं मिला तो थमी विकास की रफ्तार, सम्राट अशोक भवन समेत 30 योजनाएं अटकीं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए