3 साल की गरिमा को इंसाफ दिलाने सड़कों पर उतरे बच्चे, नेपाल में भी बढ़ता जा रहा आक्रोश
वीरगंज में बच्चियों की सुरक्षा की मांग को लेकर जारी प्रदर्शन में शामिल बच्ची.
तीन वर्षीय गरिमा चौधरी के साथ हुए जघन्य अपराध के खिलाफ नेपाल में विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है. सीमावर्ती इलाकों में फैलते इस आंदोलन में स्कूली बच्चों ने भी न्याय की गुहार लगाई है. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है.
Raxaul News: तीन वर्षीय गरिमा चौधरी के दुष्कर्म और हत्या के मामले को लेकर नेपाल में जारी विरोध-प्रदर्शन अब सीमा से सटे कई इलाकों तक फैल गया है. शनिवार को कलैया के बरियारपुर और वीरगंज में भी लोगों ने रैली निकालकर घटना का विरोध किया. प्रदर्शन में स्कूली बच्चों ने भी भाग लिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई.
आपके शहर में
नेपाल के कई इलाकों में बढ़ा विरोध प्रदर्शन
गरिमा चौधरी हत्याकांड को लेकर सीमरा से शुरू हुआ विरोध अब नेपाल के अन्य सीमावर्ती इलाकों में भी पहुंच रहा है. बरियारपुर और वीरगंज में प्रदर्शनकारियों ने रैली निकालकर मासूम को न्याय दिलाने की मांग की. लोगों में घटना को लेकर आक्रोश बना हुआ है.

स्कूली बच्चों ने निकाली रैली
वीरगंज में आयोजित विरोध रैली में स्कूली बच्चे भी शामिल हुए. बच्चों ने गरिमा के लिए न्याय की मांग करते हुए दोषियों को कठोर सजा देने की आवाज उठाई. रैली के दौरान लोगों ने घटना के खिलाफ नारेबाजी कर अपना विरोध दर्ज कराया.
नेपाल पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
मामले में नेपाल पुलिस की ओर से अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस जांच के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाल रही है. प्रदर्शनकारी जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
मौत की सजा की मांग, लेकिन नेपाल में नहीं है प्रावधान
प्रदर्शनकारी दोषियों के लिए मृत्युदंड की मांग कर रहे हैं. हालांकि नेपाल के मौजूदा कानूनी और संवैधानिक प्रावधानों के तहत मृत्युदंड देने की व्यवस्था नहीं है. ऐसे में सरकार की ओर से उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत अधिकतम कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया गया है.
गृह मंत्री ने निष्पक्ष जांच का दिया भरोसा
नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुङ ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से जारी वक्तव्य में घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार निष्पक्ष और प्रभावी जांच के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता गरिमा को न्याय दिलाना और दोषियों को कानून के दायरे में लाकर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करना है.
गृह मंत्री ने कहा कि जांच निष्पक्ष तरीके से आगे बढ़ रही है और किसी भी स्तर पर दोषियों को संरक्षण नहीं दिया जाएगा. उन्होंने संबंधित सुरक्षा निकायों और प्रशासन को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाने की बात भी कही.
यह भी पढ़ें: 7,194 एकड़ में 716.91 एकड़ जमीन गायब! बेतिया राज की जमीन खोजने में जुटा प्रशासन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए