NMMS छात्रवृत्ति के लिए आवेदन का बढ़ा मौका, छात्र अब 30 सितंबर तक भर सकेंगे फॉर्म
AI GENERATED IMAGE
राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना (NMMS) के तहत छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है. शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए अब पात्र छात्र 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. इस विस्तार से उन छात्रों को राहत मिलेगी जो आवेदन नहीं कर पाए थे.
Motihari News: मोतिहारी. राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद यानी एससीईआरटी ने राष्ट्रीय आय-सह-मेधा छात्रवृत्ति योजना परीक्षा में सफल छात्र-छात्राओं को राहत दी है. शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर फ्रेश और रिन्यूअल आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गयी है. अब पात्र विद्यार्थी 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. इस संबंध में एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक प्रशासन राजदेव राम ने जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किये हैं.
30 सितंबर तक कर सकेंगे ऑनलाइन आवेदन
संशोधित समय-सारणी के अनुसार एनएमएमएसएस परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने का अतिरिक्त समय दिया गया है. वर्ष 2023, 2024 और 2025 में हुई एनएमएमएसएस परीक्षा में सफल रहे विद्यार्थी इस प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे.
विभाग की ओर से समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी कराने के लिए संबंधित अधिकारियों और स्कूलों को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है.
फ्रेश और रिन्यूअल दोनों आवेदन के लिए मौका
शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के लिए फ्रेश के साथ रिन्यूअल आवेदन की प्रक्रिया भी निर्धारित समय के अनुसार पूरी की जाएगी. जिन विद्यार्थियों को पिछले स्तर पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल रहा है, उन्हें रिन्यूअल प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
वहीं पात्र नये विद्यार्थियों को फ्रेश आवेदन के लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन करना होगा. आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ने से उन छात्रों को राहत मिलेगी, जो अब तक आवेदन पूरा नहीं कर सके हैं.
संस्थान स्तर पर 15 अक्टूबर तक होगा सत्यापन
संशोधित शेड्यूल के अनुसार छात्रों के ऑनलाइन आवेदन के बाद संस्थान स्तर पर वेरिफिकेशन की अंतिम तिथि 15 अक्टूबर निर्धारित की गयी है. संबंधित स्कूल और संस्थानों के नोडल अधिकारियों को समय पर आवेदन की जांच कर सत्यापन पूरा करना होगा.
इसके बाद जिला स्तर पर आवेदनों का वेरिफिकेशन किया जाएगा.
जिला स्तर पर 31 अक्टूबर तक सत्यापन
जिला स्तर पर आवेदन के सत्यापन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर निर्धारित की गयी है. विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया है.
इससे आवेदन से लेकर सत्यापन तक पूरी प्रक्रिया को तय समय के अनुसार आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी.
वन टाइम रजिस्ट्रेशन और आधार जरूरी
एससीईआरटी ने स्पष्ट किया है कि 2026-27 में फ्रेश आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को सबसे पहले नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना अनिवार्य होगा. इसके बाद ही छात्र आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.
18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के विद्यार्थियों के लिए आधार नंबर अनिवार्य है. वहीं नाबालिग विद्यार्थी के पास आधार या ईआईडी उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में माता, पिता या कानूनी अभिभावक में से किसी एक का आधार कार्ड देना होगा.
लापरवाही पर तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही
एससीईआरटी ने प्रधानाध्यापकों, संस्थान नोडल अधिकारियों और जिला नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन प्राप्त आवेदनों का ऑनलाइन वेरिफिकेशन करने का निर्देश दिया है.
विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई योग्य छात्र-छात्रा प्रक्रिया में लापरवाही के कारण छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित रहता है, तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी और नियमानुसार कार्रवाई होगी. ऐसे में स्कूल स्तर से लेकर जिला स्तर तक आवेदन और सत्यापन प्रक्रिया को समय पर पूरा करना जरूरी होगा.
यह भी पढ़ें: अक्टूबर में फिर गुलजार होगा वाल्मीकिनगर, जंगल सफारी शुरू होते ही उमड़ेंगे सैलानी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए