मोतिहारी में जाली नोटों का खेल, 500 के 176 नकली नोट के साथ दो गिरफ्तार
गिरफ्तार दोनों आरोपियों के साथ पुलिसकर्मी
मोतिहारी में जाली नोट के खिलाफ पुलिस और एसएसबी ने बड़ी कार्रवाई की है. लखौरा में बाइक सवार दो संदिग्धों से 500 रुपये के 176 नकली नोट बरामद हुए. पुलिस अब नोटों के स्रोत और पूरे सप्लाई नेटवर्क की जांच कर रही है.
मोतिहारी न्यूज: लखौरा थाना पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने जाली नोट के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. लखौरा मेन रोड स्थित उत्तर ग्रामीण बैंक के पास बाइक सवार दो संदिग्धों को पकड़कर तलाशी ली गयी, तो उनके पास से 500 रुपये के 176 जाली नोट बरामद हुए. बरामद नकली नोटों की कुल कीमत 88 हजार रुपये बतायी गयी है. पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है.
आपके शहर में
बैंक के पास संदिग्ध हालत में मिले दोनों
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की. लखौरा मेन रोड स्थित उत्तर ग्रामीण बैंक के पास सड़क किनारे बाइक सवार दो संदिग्धों को पकड़ा गया. तलाशी के दौरान उनके पास से जाली नोट बरामद होने के बाद दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी.
दो मोबाइल और बाइक भी जब्त
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चिरैया थाना क्षेत्र के बसवरिया निवासी शेख नूर आलम, पिता शेख मौलाजिम और महुंआवा निवासी इस्तखार मंसूरी, पिता सफीक मंसूरी के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों के पास से एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं. बरामद मोबाइल की जांच के जरिए भी पुलिस नेटवर्क से जुड़े सुराग जुटाने में लगी है.
कहां से आया जाली नोट, किसे करना था सप्लाई?

जाली नोट बरामद होने के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है. पूछताछ में आरोपितों से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि 500 रुपये के नकली नोट कहां से लाये गये थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाना था. पुलिस यह भी खंगाल रही है कि इस कारोबार में इनके अलावा और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है. पुलिस आरोपितों से पूछताछ के आधार पर जाली नोट के स्रोत और सप्लाई चैन तक पहुंचने की कोशिश कर रही है. संयुक्त कार्रवाई के बाद इलाके में जाली नोट के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है.
यह भी पढ़ें:
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए