पटना में रामनवमी पर राम भक्तों के लिए मुफ्त बस सेवा देगा महावीर मंदिर, लगाये जायेंगे नैवेद्यम के 14 काउंटर

Updated at : 29 Mar 2023 2:19 AM (IST)
विज्ञापन
पटना में रामनवमी पर राम भक्तों के लिए मुफ्त बस सेवा देगा महावीर मंदिर, लगाये जायेंगे नैवेद्यम के 14 काउंटर

महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि बुधवार-गुरुवार की रात दो बजे पट खुल जायेगा और 2:15 बजे से भक्त प्रसाद चढ़ा सकेंगे. ऐसे भक्त जिनके हाथ में प्रसाद होगा, वे पंक्तिबद्ध होकर मंदिर के उत्तरी प्रवेश द्वार से मंदिर परिसर में आयेंगे.

विज्ञापन

पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में रामनवमी के भव्य आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. भक्तों को वीर कुंवर सिंह पार्क तक ले जाने के लिए महावीर मंदिर के सामने रेल इंजन के समीप और डाकबंगला चौक से निःशुल्क बस फेरी सेवा का प्रबंध महावीर मंदिर की ओर से किया गया है. महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि बुधवार-गुरुवार की रात दो बजे पट खुल जायेगा और 2:15 बजे से भक्त प्रसाद चढ़ा सकेंगे. ऐसे भक्त जिनके हाथ में प्रसाद होगा, वे पंक्तिबद्ध होकर मंदिर के उत्तरी प्रवेश द्वार से मंदिर परिसर में आयेंगे. महिलाओं और पुरुषों की अलग-अलग पंक्तियां होंगी.

2 बजे होगी जागरण आरती

प्रसाद और माला के बगैर आनेवाले भक्त मंदिर के पूर्वी प्रवेश द्वार से सुबह 8 से 10 बजे तक प्रवेश कर सकते हैं. तड़के 2 बजे गर्भगृह में विराजमान हनुमानजी और राम दरबार की जागरण आरती होगी. कुणाल ने बताया कि महावीर मंदिर तक पहुंचने के लिए वीर कुंवर सिंह पार्क में प्रवेश की व्यवस्था की गयी है. वहां भक्तों के लिए पंडाल बनाये गये हैं. पंखे और लाइट की व्यवस्था की गयी है. महावीर मंदिर के गर्भगृह में विराजमान हनुमानजी के दोनों विग्रहों और राम दरबार के लाइव दर्शन के लिए वीर कुंवर सिंह पार्क से लेकर मंदिर तक 16 बड़ी स्क्रीन लगायी गयी हैं.

गर्मी और धूप को देखते हुए भक्तों के लिए कई इंतजाम

आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि गर्मी और धूप को देखते हुए भक्तों के लिए कई इंतजाम किये गये हैं. भक्त मार्ग को बैरिकेडिंग से घेरा गया है, साथ ही ऊपर में टेंट लगाया गया है. रास्ते में जगह-जगह शरबत-पानी आदि के प्रबंध किये गये हैं. भक्तों की सहायता के लिए स्वयंसेवक तैनात रहेंगे. रामनवमी के दिन महावीर मंदिर की ओर से लगभग 200 निजी सुरक्षा कर्मी और स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सहायता में लगाये गये हैं. भक्तों के लिए निकास द्वार के पास महावीर मंदिर द्वारा संचालित अस्पतालों की ओर से मेडिकल कैंप लगाए जायेंगे.

10 बजे सुबह होगी मुख्य पूजा

रामनवमी के दिन गुरुवार को महावीर मंदिर परिसर में स्थित मुख्य ध्वज स्थल पर सुबह 10 बजे से पूजन प्रारंभ होगा. पूजन के बाद महावीर मंदिर में स्थित सभी हनुमान ध्वज बदले जायेंगे. दोपहर 11:50 से 12:20 तक भगवान राम का जन्मोत्सव होगा. जन्मोत्सव आरती के बाद भक्तों के प्रसाद चढ़ाने और दर्शन का क्रम रात 12 बजे तक जारी रहेगा. सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक ड्रोन द्वारा महावीर मंदिर पर पुष्पवर्षा होगी. इसका लाइव प्रसारण मंदिर के फेसबुक पेज patnamahavirmandir पर दिखाया जायेगा. महावीर मंदिर द्वारा प्रकाशित सुंदरकांड की सात हजार प्रतियां भक्तों के बीच पाठ के लिए वितरित की जायेंगी.

Also Read: Ram Navami 2023 : शुभ योगों के महासंयोग में 30 मार्च को मनेगी रामनवमी, जानिए पूजा का शुभ मुहूर्त
लगाये जायेंगे नैवेद्यम के 14 काउंटर

रामनवमी के दिन भक्तों की सुविधा के लिए नैवेद्यम के 14 काउंटर लगाये जायेंगे. महावीर मंदिर के सामने, पटना जंक्शन प्रवेश द्वार संख्या 1, ऑटो स्टैंड, डाकबंगला चौराहा, जीपीओ गोलंबर, वीर कुंवर सिंह पार्क समेत प्रमुख स्थानों पर महावीर मंदिर के नैवेद्यम उपलब्ध रहेंगे. 20 हजार किलो नैवेद्यम तैयार करने के लिए तिरुपति के 100 से अधिक कारीगर रात-दिन जुटे हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन