महाशिवरात्रि 2023: भागलपुर में निकलेगी भव्य शिव बारात, सजने लगे शिवालय, जानिए शहर के प्रमुख मंदिरों की तैयारी

Updated at : 18 Feb 2023 8:27 AM (IST)
विज्ञापन
महाशिवरात्रि 2023: भागलपुर में निकलेगी भव्य शिव बारात, सजने लगे शिवालय, जानिए शहर के प्रमुख मंदिरों की तैयारी

महाशिवरात्रि 2023 को लेकर भागलपुर में तैयारी जोर-शोर से की जा रही है. 18 फरवरी को होने वाले महाशिवरात्रि पर भजन संध्या, रूद्राभिषेक व शिव बारात निकालने की तैयारी में सभी जुटे हैं. जानिए शहर के प्रमुख मंदिरों की तैयारी..

विज्ञापन

Shivratri 2023: भागलपुर जिले में महाशिवरात्रि की तैयारी जोरों पर है. इसे लेकर अधिकांश शिवालयों में रंग-रोगन का काम चल रहा है. 18 फरवरी को होने वाले महाशिवरात्रि पर भजन संध्या, ईख रस से रुद्राभिषेक, अखंड महामृत्युंजय हवन कार्यक्रम व शंकर जी की बारात भव्य तरीके से निकाली जायेगी. कोरोना काल के दो साल बाद इस बार भव्य आयोजन होगा. इसको लेकर शहर के लोगों में उत्साह देखा जा रहा है. साथ ही सभी अलग-अलग तरह से शिवरात्रि को लेकर जुटे हुए हैं.

सुल्तानगंज के अजगैबीनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि

सुल्तानगंज के सुप्रसिद्ध अजगैबीनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि को लेकर बड़ी तैयारी चल रही है. हर बार की तरह इस बार भी यहां से भव्य शिव बारात निकलेगी. शिवबारात पूरे नगर का भ्रमण करेगी. वहीं इसे लेकर तैयारी जोर-शोर से चल रही है. सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी यहां आयोजन होना है.मंदिर के स्थानपति महंत प्रेमानंद गिरि बताते हैं कि इस बार करीब डेढ़ लाख शिवभक्त यहां जुटेंगे. पिछले साल कोरोनाकाल के बाद करीब एक लाख शिवभक्तों का जुटान हुआ था. वहीं 8 फीट की शिव की प्रतिमा सबके बीच आकर्षण का केंद्र होगा.

बूढ़ानाथ मंदिर में तैयारी

बूढ़ानाथ मंदिर के प्रबंधक बाल्मिकी सिंह ने बताया कि महाशिवरात्रि पर स्थानीय कलाकारों द्वारा भजन संध्या का आयोजन होगा. सुबह चार बजे आम श्रद्धालुओं के लिए पट खोल दिया जायेगा. भव्य सजावट होगी. संध्या में बाबा का शृंगार होगा. रात्रि नौ बजे शिव-पार्वती का विवाह कार्यक्रम होगा. महंत शिवनारायण गिरि के विशेष प्रयास से शिवरात्रि के बाद बूढ़ानाथ मंदिर आधुनिक तरीके से रंग-रोगन समेत भवन का जीर्णोद्धार कराया जायेगा.

Also Read: बिहार का टाइम बम मामला: भागलपुर से जुड़ सकते हैं तार, NIA व ATS के आने की सुगबुगाहट, जानिए हलचल क्यों है तेज
कुपेश्वर नाथ मंदिर में एक क्विंटल ईख के रस से अभिषेक

कुपेश्वर नाथ मंदिर के महंत विजयानंद शास्त्री ने बताया कि कोतवाली चौक स्थित कुपेश्वर नाथ मंदिर में रंग- रोगन का काम चल रहा है. हर दिल की ओर से बाबा कुपेश्वरनाथ की विशाल एवं भव्य शिव बरात शोभायात्रा शाम सात बजे कोतवाली चौक से निकलेगी, जो स्टेशन, खलीफाबाग चौक होते हुए पुनः मंदिर में पूरी होगी. शिव विवाह का कार्यक्रम होगा. इसी दौरान रुद्राभिषेक होगा. इसी दिन प्रातः चार बजे मंगला आरती होगी. एक क्विंटल ईख के रस, 51 किलो दूध, 21 किलो दही, 11 किलो शहद से बाबा का रूद्राभिषेक व पूजन होगा.

घुड़सवार व बैलगाड़ी के साथ निकलेगी बरात

एक दिल समिति की ओर से चुनिहारी टोला स्थित राणी सती मंदिर से बाबा भोलेनाथ की भव्य बरात निकाली जायेगी. आयोजक मंडल के पदाधिकारी रोहित चौधरी ने बताया बरात में घुड़सवार, सात बैंड पार्टी, पांच बैलगाड़ी के साथ गणेश जी, मां पार्वती, शिव जी की प्रतिमा की झांकी सजायी जायेगी. शोभायात्रा की शुरुआत महाआरती कर होगी. बरात शाम पांच बजे मंदिर परिसर से निकल कर पूरे शहर में भ्रमण करेंगी. इसके अलावा एक से एक झांकी प्रस्तुत की जायेगी.

आदमपुर स्थित शिव शक्ति मंदिर

आदमपुर स्थित शिव शक्ति मंदिर के महंत अरुण बाबा ने बताया कि राधा रानी सिन्हा रोड में मंदिर के दोनों ओर भव्य तोरण द्वार सजाया जायेगा. मंदिर के आसपास के वृक्षों के धूल साफ किये जा रहे हैं. मंदिर व आसपास क्षेत्रों में टुन्नी बल्व व झालर से सजाया जायेगा. शिवरात्रि में 18 फरवरी को श्रद्धालुओं के लिए सुबह चार बजे मंदिर का पट खोल दिया जायेगा. इसके बाद जलाभिषेक होगा. सुबह 10 बजे अखंड महामृत्युंजय हवन शुरू होगा, जो दूसरे दिन प्रातः 10 बजे तक चलेगा. 18 फरवरी को रात्रि 10 बजे रुद्राभिषेक व शुभ विवाह होगा.

जागेश्वर मंदिर में पंचामृत से अभिषेक

सखीचंद घाट स्थित जागेश्वरनाथ मंदिर में भगवान शिव का पंचामृत से अभिषेक होगा. पंडित सौरभ मिश्रा ने बताया कि गाय के 11 किलो दूध, 100 लीटर गंगाजल व गन्ना रस आदि से रुद्राभिषेक किया जायेगा. सीसी मुखर्जी रोड स्थित एसडीओ कार्यालय के समीप शनि मंदिर परिसर में पूजन कार्यक्रम होगा. इस दौरान भजन-कीर्तन व प्रसाद का वितरण होगा.

Posted By: Thakur Shaktilochan

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन