मधुबनी में 8.750 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक छोड़कर भागा मुजफ्फरपुर का साथी
फोटो, गांजा के साथ गिरफ्तार तस्कर के साथ थानाध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network
मधुबनी जिले में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 8.75 किलोग्राम गांजा जब्त किया है. यह गांजा एक बाइक पर दो बैग में भरकर नेपाल ले जाया जा रहा था. इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी फरार होने में सफल रहा.
Madhubani Ganja Seizure: मधुबनी जिले के फुलपरास अनुमंडल अंतर्गत नरहिया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई की है. गोठ नरहिया चौक के पास चलाए गए वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने एक बाइक पर दो बैग में रखा 8.750 किलोग्राम गांजा बरामद किया. इस दौरान एक तस्कर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका दूसरा साथी मौके से भागने में सफल रहा.
आपके शहर में
Madhubani News: नेपाल की ओर गांजा ले जाने की मिली थी गुप्त सूचना
नरहिया थानाध्यक्ष निलेश कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि हीरो स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो व्यक्ति अपने-अपने बैग में गांजा भरकर लौकही-नरहिया सड़क के रास्ते नेपाल की ओर जा रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट हो गया और त्वरित कार्रवाई की योजना बनाई गई.
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गोठ नरहिया चौक पर चेकिंग
प्राप्त सूचना के सत्यापन और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंचलाधिकारी लौकही को मजिस्ट्रेट के रूप में सूचित किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने गोठ नरहिया चौक से थोड़ा आगे संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की. इसी दौरान सामने से आ रही उक्त स्प्लेंडर बाइक को रुकने का इशारा किया गया.
पुलिस को देख बैग फेंककर भागे, खदेड़कर एक पकड़ाया
वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम को सामने देखते ही बाइक सवार दोनों तस्कर घबरा गए. उन्होंने सड़क किनारे बाइक रोक दी और दोनों बैग नीचे फेंककर एक पूरब तथा दूसरा पश्चिम दिशा की ओर भागने लगा. पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए खदेड़कर एक तस्कर को दबोच लिया, जबकि दूसरा अंधेरे और भागदौड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया.
दरभंगा का तस्कर गिरफ्तार, मुजफ्फरपुर के साथी पर प्राथमिकी
गांजा के साथ गिरफ्तार आरोपी की पहचान दरभंगा जिले के मिश्रौली (वार्ड 11) निवासी राजू कुमार राम के रूप में हुई है. वहीं भागने वाले तस्कर की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट निवासी ननटुन राम के रूप में की गई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए