Madhubani Road Accident: एनएच-27 पर गंभीर हालत में मिला पिकअप चालक, इलाज के दौरान मौत

Author Sanjay Kumar|Edited by Aniket Kumar
Updated:
विज्ञापन

एनएच-27 पर गंभीर हालत में मिला पिकअप चालक, इलाज के दौरान मौत

झंझारपुर के संग्राम बाजार के पास एनएच-27 पर एक पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

विज्ञापन

Madhubani Road Accident: मधुबनी जिले के झंझारपुर थाना क्षेत्र में एनएच-27 स्थित संग्राम बाजार के पास रविवार को एक पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में अपने वाहन के निकट मिला. गश्त कर रही पुलिस ने चालक को सड़क किनारे घायल देखा और तत्काल अनुमंडल अस्पताल झंझारपुर पहुंचाया. हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. पुलिस प्रथम दृष्टया इसे सड़क दुर्घटना का मामला मानकर जांच कर रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

गश्त के दौरान पुलिस ने देखा घायल चालक

मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के दिघी गांव निवासी 55 वर्षीय किशोरी महतो के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, हरी मिर्च से लदी पिकअप मधेपुर की ओर से आ रही थी. इसी दौरान संग्राम बाजार के पास चालक गंभीर रूप से घायल हो गया.

राहगीरों की नजर जब घायल चालक पर पड़ी तो इसकी सूचना पुलिस को दी गई. गश्त पर मौजूद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे तत्काल अस्पताल भेजा और परिजनों को भी घटना की जानकारी दी.

इलाज के दौरान हुई मौत

अनुमंडल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चालक की हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज की व्यवस्था की गई, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे झंझारपुर के लिए रवाना हो गए.

पुलिस सभी पहलुओं से कर रही जांच

थानाध्यक्ष अर्पण कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होता है. आशंका है कि वाहन अनियंत्रित हुआ हो या किसी अन्य कारण से चालक गंभीर रूप से घायल हुआ हो. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही पुलिस

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. साथ ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने आ सके. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन