फोन छीनते ही गुस्सा, स्कूल में लड़ाई और पढ़ाई से दूरी ; मोबाइल में सिमट रहा बचपन, करानी पड़ रही काउंसिलिंग

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मोबाइल की लत बच्चों के बचपन को निगल रही है, जिससे उनमें गुस्सा, जिद्द और शैक्षणिक गिरावट आ रही है. जानें ये लक्षण और पेरेंटिंग टिप्स.

विज्ञापन

Smartphone Addiction in Children ; स्मार्टफोन ने सूचनाओं और तकनीक को लोगों की मुट्ठी में पहुंचा दिया है, लेकिन इसका जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल बच्चों के बचपन और व्यवहार पर असर डाल रहा है. बच्चों का समय अब मैदान और दोस्तों के बीच खेलने के बजाय मोबाइल की स्क्रीन पर बीत रहा है. कार्टून, वीडियो और ऑनलाइन गेम के बीच उनकी शरारतें, रचनात्मकता और सामाजिक गतिविधियां सिमटती जा रही हैं. इसका असर उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर भी दिखाई दे रहा है.

विज्ञापन

बच्चों में चिड़चिड़ापन, गुस्सा, जिद और पढ़ाई में मन नहीं लगने जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं. कुछ अभिभावक इन व्यवहार संबंधी बदलावों को लेकर बच्चों की काउंसिलिंग कराने के लिए चिकित्सकों के पास पहुंच रहे हैं.

मैदान से दूर, मोबाइल गेम में व्यस्त हो रहा बचपन

स्मार्टफोन के बढ़ते इस्तेमाल ने बच्चों की खेल-कूद में रुचि कम कर दी है. कई बच्चे बाहर खेलने के बजाय मोबाइल पर कार्टून, वीडियो और गेम में व्यस्त रहते हैं. क्रिकेट जैसे आउटडोर खेलों का आनंद भी अब कई बच्चे मोबाइल गेम के जरिये लेने लगे हैं. शारीरिक गतिविधियां कम होने से मोटापा और सुस्ती जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ रहा है.

लगातार स्क्रीन देखने का असर आंखों, नींद और मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है. विशेषज्ञों के अनुसार, मोबाइल के अत्यधिक इस्तेमाल से बच्चों की रचनात्मकता, जिज्ञासा और सामाजिक मेलजोल प्रभावित हो सकता है. वे वास्तविक दुनिया के बजाय वर्चुअल दुनिया में अधिक समय बिताने लगते हैं.

चिकित्सक ने बताये मोबाइल के अधिक इस्तेमाल के नुकसान

सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि स्मार्टफोन का अधिक इस्तेमाल बच्चों में मोटापा, डिप्रेशन और आंखों से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकता है. शारीरिक गतिविधियां कम होने से बच्चों की दिनचर्या और खान-पान भी प्रभावित होता है. इसके अलावा, उनमें अकेले रहने की आदत विकसित हो सकती है और वे अंतर्मुखी हो सकते हैं.

डॉ. मनोज कुमार के अनुसार, मोबाइल की लत बढ़ने पर बच्चों में जिद और व्यवहार संबंधी समस्याएं भी देखने को मिल सकती हैं.

कोविड के बाद बढ़ी मोबाइल की जिद, व्यवहार में दिखने लगा बदलाव

रिपोर्ट के अनुसार, 10 से 20 साल तक के बच्चों के व्यवहार में समय से पहले बदलाव देखने को मिल रहा है. कोविड के दौरान ऑनलाइन पढ़ाई के लिए कई अभिभावकों ने बच्चों को अलग मोबाइल फोन दिया था. स्कूल खुलने के बाद जब उनसे फोन वापस लिया गया, तो कुछ बच्चे मोबाइल के लिए जिद करने लगे. उनमें चिड़चिड़ापन और गुस्से का व्यवहार दिखने लगा. स्कूल से बेवजह लड़ाई और बहस की शिकायतें मिलने पर अभिभावक बच्चों को मनोचिकित्सक के पास लेकर पहुंचे.

एक अन्य मामले में निजी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे के माता-पिता नौकरी के कारण घर से बाहर रहते थे. बच्चे से संपर्क बनाए रखने के लिए उसे मोबाइल दिया गया था, लेकिन धीरे-धीरे उसका इस्तेमाल बढ़ता गया. बच्चा चिड़चिड़ा और जिद्दी हो गया. स्कूल से भी उसके व्यवहार को लेकर शिकायतें आने लगीं. इसके बाद चिंतित अभिभावक उसे मनोचिकित्सक के पास लेकर पहुंचे.

मनोचिकित्सकीय ओपीडी में बच्चों के शैक्षणिक प्रदर्शन में गिरावट और उत्तेजित व्यवहार की शिकायतें भी सामने आ रही हैं. ऐसे मामलों में बच्चे के साथ अभिभावकों और स्कूल को भी उपचार एवं काउंसिलिंग की प्रक्रिया से जोड़ना जरूरी होता है, ताकि बच्चे की भावनात्मक और शैक्षणिक जरूरतों को समझा जा सके.

बच्चों में ये बदलाव आ रहे नजर

  • छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करना और चिड़चिड़ा व्यवहार.
  • दूसरे बच्चों से लड़ाई-झगड़ा और मारपीट की शिकायतें.
  • बातचीत में गाली-गलौज या आक्रामक व्यवहार.
  • पढ़ाई में मन नहीं लगना और मासिक टेस्ट में कम अंक आना.
  • सामाजिक माहौल में घुलने-मिलने में परेशानी.
  • मोबाइल नहीं मिलने पर जिद करना और बेचैनी दिखाना.

बच्चों को मोबाइल की लत से दूर रखने के लिए क्या करें?

बच्चों के साथ समय बिताएं: रोज कुछ समय बच्चों के साथ खेलें, बातचीत करें और रचनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लें. इससे वे मोबाइल के बजाय परिवार के साथ समय बिताने के लिए प्रोत्साहित होंगे.

मोबाइल इस्तेमाल का समय तय करें: बच्चों को बताएं कि मोबाइल कब और कितनी देर इस्तेमाल करना है. पढ़ाई या मनोरंजन के नाम पर फोन का अनियंत्रित इस्तेमाल न होने दें.

आउटडोर गतिविधियों से जोड़ें: बच्चों को पार्क ले जाएं, खेल-कूद के लिए प्रोत्साहित करें और साइकिल चलाने जैसी गतिविधियों में शामिल करें.

किताबों से लगाव बढ़ाएं: बच्चों को कहानियां सुनाएं और किताबें पढ़ने के लिए प्रेरित करें. इससे उनकी पढ़ने की आदत और कल्पनाशक्ति विकसित होगी.

खुद भी मोबाइल का सीमित इस्तेमाल करें: बच्चे माता-पिता को देखकर भी आदतें सीखते हैं. इसलिए अभिभावक खुद भी मोबाइल का अनावश्यक इस्तेमाल कम करें.

मोबाइल देकर बच्चों को व्यस्त न रखें: अपना समय बचाने या बच्चे को शांत रखने के लिए बार-बार उसके हाथ में फोन न दें.

पारिवारिक माहौल बेहतर रखें: बच्चों के साथ संवाद बनाए रखें और उन्हें खेल, पढ़ाई तथा सामाजिक गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करें. जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ से सलाह लें.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन