पुरैनी में मुखिया प्रतिनिधि की हत्या के बाद सुबह एसएच-58 जाम, नामजदों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर माने परिजन

Updated:
विज्ञापन

विक्की मेहता के आवास पर तैनात पुलिस. | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

पुरैनी के मुखिया प्रतिनिधि विक्की मेहता की हत्या के बाद परिजन और समर्थक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. उन्होंने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर SH58 को जाम कर दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

पुरैनी की नरदह पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार उर्फ विक्की मेहता की हत्या के बाद मंगलवार सुबह परिजन और समर्थक सड़क पर उतर गये. नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने उनके घर के पास एसएच-58 को जाम कर दिया. सुबह करीब सात बजे तक लोग सड़क पर डटे रहे. बाद में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार सिंह के आश्वासन के बाद जाम समाप्त हुआ.

विज्ञापन

रात से ही गांव में कैंप कर रही पुलिस

हत्या की घटना के बाद पुलिस रात से ही योगीराज स्थित मृतक के आवास और गांव में कैंप कर रही है. उदाकिशुनगंज सर्किल इंस्पेक्टर संतोष कुमार गुप्ता, उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार, बिहारीगंज थाना समेत अनुमंडल के कई थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही.

पुलिस ने अंतिम संस्कार तक इलाके में स्थिति पर नजर बनाये रखी. घटना के बाद थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और बढ़ा दी गयी है.

पांच नामजद समेत अज्ञात पर प्राथमिकी

मृतक की भाभी और वर्तमान मुखिया रीता कुमारी के फर्द बयान पर पुरैनी थाना में पांच नामजद समेत आठ से दस अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. मामले की जांच जारी है.

नया टोला चौक पर ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या

बताया गया कि पुरैनी थाना क्षेत्र के नया टोला चौक पर सोमवार की रात विक्की मेहता की ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गयी. घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रात से ही कई जगहों पर जवानों की तैनाती कर दी थी.

लंबे समय से आपराधिक मामलों में रहा नाम

योगीराज में विक्की मेहता के आवास पर डटी पुलिस  | Prabhat Khabar Network
सड़क जाम करते परिजन व ग्रामीण. | Prabhat Khabar Network

विक्की मेहता का नाम पुरैनी थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में दर्ज कई आपराधिक मामलों में सामने आने की बात कही जा रही है. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2007 से अब तक उसके खिलाफ डकैती, हत्या, लूट, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में डेढ़ दर्जन से अधिक मामले दर्ज होने की जानकारी दी गयी है. वह लंबे समय तक जेल में भी रहा था और करीब एक वर्ष पहले जमानत पर बाहर आया था.

विक्की मेहता फिलहाल जदयू से जुड़ा हुआ बताया जा रहा था. इस वजह से उसे राजनीतिक संरक्षण मिलने की चर्चा भी क्षेत्र में थी. हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

हाल के महीनों में पंचायत कार्यों में था सक्रिय

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ महीनों से विक्की मेहता पंचायत के कामकाज और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय था. इस दौरान उसके खिलाफ किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आने की बात कही जा रही है.

गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर दबाव

हत्या के बाद सड़क जाम और परिजनों की नाराजगी से पुलिस पर नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दबाव बढ़ गया है. एसडीपीओ के आश्वासन के बाद जाम तो समाप्त हो गया, लेकिन पुलिस की कार्रवाई पर परिजनों और समर्थकों की नजर बनी हुई है. पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन