किऊल जंक्शन पर बिना ठहराव वाली ट्रेन रुकवाकर शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
फोटो - बरामद शराब से भरा बैग | Prabhat Khabar Network
बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्करी जारी है। आरपीएफ ने किऊल जंक्शन पर ऑपरेशन सतर्क के तहत एक बड़ी कार्रवाई की। बिना ठहराव वाली ट्रेन को रोककर 319 केन शराब बरामद की गई और एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया।
लखीसराय. बिहार में शराबबंदी के बावजूद शराब तस्करी का सिलसिला जारी है. इसी क्रम में पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल अंतर्गत किऊल जंक्शन पर बुधवार की रात आरपीएफ ने ऑपरेशन सतर्क के तहत कार्रवाई करते हुए बिना ठहराव वाली ट्रेन संख्या 22587 को पांच मिनट के लिए रुकवाकर तलाशी ली. इस दौरान दिव्यांग कोच से चार बोरा और एक झोला में रखी 319 केन शराब बरामद की गयी. मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया.
आपके शहर में
गुप्त सूचना पर किऊल में रुकवायी गयी ट्रेन
आरपीएफ इंस्पेक्टर प्रभारी प्रशांत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर आरपीएफ टीम ने ट्रेन संख्या 22587 को किऊल जंक्शन पर पांच मिनट के लिए रुकवाया. इस ट्रेन का किऊल स्टेशन पर निर्धारित ठहराव नहीं है. कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग लखीसराय की टीम भी मौके पर मौजूद थी.
दिव्यांग कोच में झोला और चार बैग में रखी थी शराब
रात करीब 1.20 बजे ट्रेन के किऊल पहुंचते ही दिव्यांग कोच को खुलवाकर तलाशी ली गयी. कोच में एक व्यक्ति एक झोला और चार बैग में शराब लेकर बैठा था. आरपीएफ ने वीडियोग्राफी कराते हुए उसे ट्रेन से उतारा और सामान की तलाशी ली.
319 केन बीयर बरामद, कीमत 41,520 रुपये
तलाशी के दौरान 66 बडवाइजर, 96 बेड मंकी, 72 गॉडफादर और 34 थंडरबोल्ट बीयर की केन बरामद हुई. आरपीएफ के अनुसार कुल 319 केन शराब बरामद की गयी, जिसकी कुल मात्रा 134 लीटर है. बरामद शराब की अनुमानित कीमत 41,520 रुपये आंकी गयी है.
पटना का रहने वाला है गिरफ्तार तस्कर
गिरफ्तार आरोपी ने अपना नाम सुजीत कुमार बताया. वह पटना जिला के नया टोला राघोपुर, बख्तियारपुर निवासी सतीश प्रसाद का पुत्र बताया गया है. कार्रवाई के दौरान मौजूद यात्रियों से गवाह बनने के लिए कहा गया, लेकिन उन्होंने इससे इनकार कर दिया. इसके बाद आरपीएफ के स्टाफ को गवाह बनाया गया.
उत्पाद थाना को सौंपा गया आरोपी और शराब
आरपीएफ ने जब्त शराब और गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए उत्पाद थाना लखीसराय को सौंप दिया है. छापेमारी दल में एएसआई अजय कुमार सिंह और आरक्षी भुवनेश्वर पाल शामिल थे. आरपीएफ की कार्रवाई के बाद शराब तस्करी के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए