लखीसराय में अब दफ्तर के चक्कर नहीं, हर महीने लगेगा ‘सहयोग शिविर’; घर के पास होगा समस्याओं का समाधान
लखीसराय समाहरणालय | Prabhat Khabar Network
लखीसराय में अब छोटी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. जिले के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को 'सहयोग शिविर' लगाया जाएगा. इन शिविरों में लोगों की शिकायतों और आवेदनों को 'सहयोग पोर्टल' पर दर्ज कर ऑनलाइन समाधान किया जाएगा.
लखीसराय : छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए अब लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. बिहार सरकार के ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ लक्ष्य को जमीन पर उतारने के लिए लखीसराय जिला प्रशासन ने पहल की है. मुख्य सचिव के निर्देश पर जिले के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में हर महीने के पहले और तीसरे मंगलवार को ‘सहयोग शिविर’ लगाया जाएगा.
आपके शहर में
शिविर में आम लोगों की शिकायतें और आवेदन लिये जाएंगे तथा संबंधित विभागों को उनके समाधान के लिए भेजा जाएगा. हर शिकायत को ‘सहयोग पोर्टल’ पर अपलोड कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन निबटारा किया जाएगा.
शिविर से 30 दिन पहले शुरू होगा आवेदन
इस व्यवस्था की खास बात यह है कि शिविर लगने से करीब 30 दिन पहले ही आवेदन लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. इससे संबंधित विभागों को पहले से शिकायतों की जानकारी मिल सकेगी और शिविर के दिन समाधान की दिशा में तेजी से कार्रवाई की जा सकेगी.
प्रशासन ने इसके लिए नगर निकायवार और वार्डवार रोस्टर भी जारी कर दिया है.
जनप्रतिनिधियों की भी होगी भागीदारी
‘सहयोग शिविर’ में सांसद, विधायक, नगर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और वार्ड पार्षदों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा. प्रशासन का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में लोगों की समस्याओं को सुनकर समाधान की प्रक्रिया को आसान बनाना है.
शिविर के लिए संबंधित वार्ड के सरकारी भवन या मजबूत अस्थायी संरचना का चयन किया जाएगा. गर्मी को देखते हुए वहां पेयजल, पंखे और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.
लंबित मामलों की सूची भी होगी प्रदर्शित
अपर समाहर्ता, डीसीएलआर और सीओ अपने न्यायालय से जुड़े लंबित और निष्पादित मामलों की सूची भी शिविर स्थल पर प्रदर्शित करेंगे. इससे लोगों को अपने मामलों की स्थिति की जानकारी आसानी से मिल सकेगी.
लखीसराय में 15 सितंबर से पहला शिविर
नगर परिषद लखीसराय में पहला ‘सहयोग शिविर’ 15 सितंबर को नगर भवन में वार्ड 12 से 17 के लिए आयोजित किया जाएगा. इसके बाद 6 और 21 अक्तूबर, 3 और 17 नवंबर तथा 1 दिसंबर को निर्धारित रोस्टर के अनुसार शिविर लगेंगे.
बड़हिया में 1 सितंबर से शुरुआत
नगर परिषद बड़हिया में पहला शिविर 1 सितंबर को रामजानकी रामधन सिंह उच्च विद्यालय में लगेगा. इसमें वार्ड 1, 2, 3, 4, 8 और 9 के लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी.
सूर्यगढ़ा में 15 सितंबर को शिविर
नगर परिषद सूर्यगढ़ा में पहला ‘सहयोग शिविर’ 15 सितंबर को प्लस-2 प्रोजेक्ट पब्लिक हाई स्कूल में आयोजित होगा. इसमें वार्ड 1 से 6 तक के लोग अपनी शिकायत और आवेदन दे सकेंगे.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मियों को शिविर में प्राप्त शिकायतों के निबटारे में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया है. लापरवाही सामने आने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गयी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए