ठाकुरगंज प्लस टू उच्च विद्यालय में 'शिक्षा में योग की भूमिका' पर व्याख्यान, विद्यार्थियों को तनावमुक्त जीवन का संदेश
प्रवचन देते स्वामी | Prabhat Khabar Network
आनंद मार्ग प्रचारक संघ ने ठाकुरगंज उच्च विद्यालय में 'शिक्षा में योग की भूमिका' पर एक ज्ञानवर्धक कार्यक्रम का आयोजन किया. छात्रों को योग के वैज्ञानिक महत्व और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
Yoga Awareness: किशनगंज. आनंद मार्ग प्रचारक संघ, किशनगंज के तत्वावधान में मंगलवार को प्लस टू ठाकुरगंज उच्च विद्यालय में "शिक्षा में योग की भूमिका" विषय पर व्याख्यान कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को योग के वैज्ञानिक महत्व, शिक्षा में उसकी उपयोगिता तथा स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया.
योग को बताया भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आनंद मार्ग के आचार्य पूर्णदेवानंद अवधूत ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है. उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, मन शांत, बुद्धि प्रखर और व्यक्तित्व संतुलित बनता है. आज के प्रतिस्पर्धी दौर में विद्यार्थियों के लिए योग तनाव कम करने और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है.
योग से बढ़ती है एकाग्रता और स्मरण शक्ति
आचार्य ने कहा कि पढ़ाई के बढ़ते दबाव के बीच नियमित योग और ध्यान करने से स्मरण शक्ति मजबूत होती है, एकाग्रता बढ़ती है तथा मानसिक तनाव कम होता है. स्वस्थ मन और स्वस्थ शरीर के साथ विद्यार्थी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं.
सात्विक जीवनशैली अपनाने की अपील
आचार्य वित्तमोहानंद अवधूत ने विद्यार्थियों से प्रतिदिन योग एवं ध्यान करने, अनुशासित दिनचर्या अपनाने तथा नशामुक्त और सात्विक जीवनशैली को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि सफलता केवल कठिन परिश्रम से नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक सोच से भी मिलती है.
पौष्टिक भोजन और संस्कारों पर दिया जोर
वक्ताओं ने संतुलित एवं पौष्टिक भोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ आहार तेजस्वी मस्तिष्क और बेहतर स्वास्थ्य की नींव है. उन्होंने विद्यार्थियों से योग, ध्यान और अच्छे संस्कारों को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की.
विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
Yoga Awareness: कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने योग और ध्यान से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका आचार्यों ने सरल और प्रेरणादायक ढंग से उत्तर दिया. इस अवसर पर आनंद मार्ग प्रचारक संघ, किशनगंज के जिला भुक्ति प्रधान सुमन भारती, विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रभूषण झा, राज कुमार गांधी, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए