NH 327 पर भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रैक्टर में ट्रक ने मारी टक्कर, मालिक की मौके पर ही मौत

Updated:
विज्ञापन
NH 327 पर भीषण सड़क हादसा, खड़े ट्रैक्टर में ट्रक ने मारी टक्कर, मालिक की मौके पर ही मौत

क्षतिग्रस्त ट्रक और ट्रैक्टर

NH 327 Road Accident: किशनगंज के ठाकुरगंज में मंगलवार की अहले सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया. एनएच-327 पर मकई लदे खड़े ट्रैक्टर को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद डाला, जिससे ट्रैक्टर मालिक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

विज्ञापन

NH 327 Road Accident: ठाकुरगंज (किशनगंज) से बच्छराज नखत की रिपोर्ट: किशनगंज जिले के ठाकुरगंज अंतर्गत कुर्लीकोट थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-327 (NH-327) पर पीपरीथान चौक के समीप मंगलवार की सुबह करीब 3 बजे एक भयावह सड़क हादसा हुआ. इस दर्दनाक दुर्घटना में सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर के मालिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टक्कर मारने वाले ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

पेशाब करने उतरा था चालक, पीछे से काल बनकर आया ट्रक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मकई (मक्का) से लदा एक ट्रैक्टर ठाकुरगंज से गलगलिया स्थित मकई फैक्ट्री की ओर जा रहा था. रास्ते में पीपरीथान चौक से कुछ ही दूरी पहले ट्रैक्टर चालक ने वाहन को सड़क के किनारे खड़ा किया और वह पेशाब करने के लिए नीचे उतरा. इसी दौरान ट्रैक्टर के पास ही खड़े वाहन मालिक राजू यादव को पीछे से आ रहे सोलर पैनल लदे एक तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर मारने के बाद सोलर पैनल से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया. इस भीषण भिड़ंत में ट्रैक्टर का पिछला हिस्सा पूरी तरह से पिचक गया और ट्रैक्टर मालिक उसकी चपेट में आ गए.

चेंगा घाट के राजू यादव की मौके पर मौत, ट्रक चालक अस्पताल में भर्ती

इस हृदयविदारक हादसे में ट्रैक्टर मालिक राजू यादव (52 वर्ष), पिता- नंदू यादव, निवासी ग्राम चेंगा घाट की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, ट्रक पलटने के कारण उसका चालक केबिन में फंसकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया. भोर के समय जोरदार आवाज सुनकर दौड़े स्थानीय ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए घायल ट्रक चालक को केबिन से बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया.

6 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार में कोहराम

मृतक राजू यादव अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं. उनके कुल 6 संतान हैं, जिनमें 2 लड़के और 4 लड़कियां शामिल हैं. घर के मुखिया और कमाऊ सदस्य की इस तरह अचानक हुई मौत की खबर जैसे ही चेंगा घाट गांव पहुंची, मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गई. पिता के असमय चले जाने से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.

हाईवे पर बिखरे सोलर पैनल, जांच में जुटी कुर्लीकोट पुलिस

घटनास्थल से मिली तस्वीरों के अनुसार, पलटा हुआ ट्रक, हाईवे के किनारे बिखरे हुए कीमती सोलर पैनल और क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर हादसे की भयावहता को बयां कर रहे हैं. दुर्घटना के बाद एनएच-327 पर कुछ समय के लिए वाहनों का आवागमन ठप रहा और लंबा जाम लग गया. सूचना मिलते ही कुर्लीकोट थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से साइड कराया और यातायात बहाल कराया. पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें: पूर्वी चंपारण, मधुबनी समेत बिहार के 5 जिलों को मिलेंगे नए पुलिस कप्तान, गृह विभाग का आदेश जारी

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन