छत्तरगाछ सब्जी मार्केट की बदलेगी तस्वीर, 13.93 लाख की लागत से बनेगा ग्रामीण हाट
फोटो- शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल निदेशक व अन्य. | Prabhat Khabar Network
किशनगंज के छत्तरगाछ सब्जी मार्केट में जल्द ही बड़े बदलाव की उम्मीद है। 13.93 लाख की लागत से बनने वाले ग्रामीण हाट के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया है। इस पहल से सब्जी विक्रेताओं और खरीदारों दोनों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
किशनगंज, पहाड़कट्टा. पोठिया प्रखंड के छत्तरगाछ सब्जी मार्केट में अब सब्जी विक्रेताओं और खरीदारों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद जगी है. गुरुवार को डीआरडीए निदेशक शशिम सौरभ मणि ने छत्तरगाछ पहुंचकर विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण के तहत बनने वाले ग्रामीण हाट के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया. ग्रामीण हाट का निर्माण 13 लाख 93 हजार 737 रुपये की लागत से कराया जाएगा.
आपके शहर में
शेड, चबूतरा, नाला और शौचालय की मिलेगी सुविधा
ग्रामीण हाट के निर्माण के तहत सब्जी विक्रेताओं के लिए शेड, बैठने के लिए चबूतरा, नाला और शौचालय जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. इससे खुले में दुकान लगाने वाले विक्रेताओं को मौसम की मार से राहत मिलने के साथ ही बाजार में खरीदारी करने पहुंचने वाले लोगों को भी सुविधाएं मिलेंगी.
बुधवार और शनिवार को लगता है बड़ा हाट
छत्तरगाछ में प्रत्येक बुधवार और शनिवार को प्रखंड क्षेत्र का बड़ा हाट लगता है. इस बाजार में दूर-दराज के किसान और छोटे व्यापारी सब्जियां लेकर पहुंचते हैं. लंबे समय से सब्जी मार्केट गंदगी और जलजमाव की समस्या से जूझ रहा था. बारिश के दौरान पूरा परिसर कीचड़ में तब्दील हो जाता था. वहीं गर्मी और बारिश के मौसम में विक्रेताओं को खुले में बैठकर दुकान लगानी पड़ती थी.
जलजमाव और गंदगी से मिलेगी राहत
जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए ग्रामीण हाट के दोनों तरफ नाला बनाया जाएगा. डीआरडीए निदेशक शशिम सौरभ मणि ने बताया कि नाले की निकासी धरधरिया डोंक नदी की ओर की जाएगी. इसके अलावा शौचालय निर्माण के लिए जगह चिह्नित कर सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी.
लंबे समय से की जा रही थी बाजार के विकास की मांग
स्थानीय मुखिया अबुल कासिम और हाट मालिक अजहर हुसैन उर्फ रमजान सहित अन्य लोगों ने कई बार जिला प्रशासन से सब्जी मार्केट में मार्केटिंग शेड निर्माण कराने की मांग की थी. कुछ दिन पहले पोठिया सीओ मोहित राज ने भी सब्जी मार्केट का निरीक्षण किया था. इसके बाद बाजार के विकास की प्रक्रिया आगे बढ़ी.
किसानों और दुकानदारों को मिलेगा बेहतर स्थान
डीआरडीए निदेशक ने बताया कि ग्रामीण हाट में विक्रेताओं के लिए शेड और बैठने के लिए चबूतरा बनाया जाएगा. इससे बाहर से आने वाले किसानों और दुकानदारों को बेहतर स्थान मिल सकेगा. उन्होंने कहा कि सुविधाएं विकसित होने से सब्जी विक्रेताओं के साथ हाट में आने वाले लोगों को भी सहूलियत होगी.
वर्षों से झोपड़ी लगाकर सब्जी बेच रहे थे दुकानदार
मुखिया अबुल कासिम ने कहा कि छत्तरगाछ सब्जी मार्केट में वर्षों से लोग झोपड़ी लगाकर सब्जी बेचने को मजबूर थे. ग्रामीण हाट बनने के बाद बाहर से आने वाले किसानों और दुकानदारों को बैठने की बेहतर सुविधा मिलेगी. साथ ही जलजमाव की समस्या भी दूर होगी. उन्होंने निर्माण कार्य के शिलान्यास के लिए डीआरडीए निदेशक और जिला प्रशासन का आभार जताया.
जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में छत्तरगाछ मुखिया अबुल कासिम, कोल्था मुखिया प्रतिनिधि मुस्तकीम, कोल्था पंचायत सरपंच अजीमुद्दीन अंसारी, पंचायत समिति सदस्य फजले हक, वार्ड सदस्य मो. सहजुल, वार्ड सदस्य सोमू सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए