42 लाख के गांजे के साथ पूर्व फौजी समेत दो गिरफ्तार; कार से सूटकेस में भर कर असम से दरभंगा ले जा रहे थे बड़ी खेप

Updated:
विज्ञापन

फोटो- प्रेस को संबोधित करते एसपी किशनगंज संतोष कुमार | Prabhat Khabar Network

किशनगंज पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 80.900 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की कीमत 42 लाख रुपये आंकी गई है. पुलिस ने पकड़े गए तस्करों के पास से नकदी और मोबाइल भी जब्त किए हैं.

विज्ञापन

किशनगंज. जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 80.900 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 42 लाख रुपये आंकी गई है. गिरफ्तार आरोपितों के पास से 14,820 रुपये नकद और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तराखंड के देहरादून निवासी 59 वर्षीय विपिन पवार और किशनगंज के खगड़ा मझिया टोला निवासी 56 वर्षीय मुजिबुर रहमान के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार विपिन पवार पूर्व सैनिक है.

आपके शहर में

विज्ञापन

एसपी को मिली सूचना, विशेष टीम ने संभाला मोर्चा

पुनास गांव में वाहन जांच के दौरान पकड़े गये पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को 26 अगस्त को सूचना मिली थी कि तस्करों द्वारा चार पहिया वाहन से गांजा की बड़ी खेप किशनगंज से कोचाधामन थाना क्षेत्र होते हुए दरभंगा ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गयी. टीम में एएनटीएफ किशनगंज के साथ कोचाधामन थाना और धनपुरा पिकेट के पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को शामिल किया गया. विशेष टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र के पुनास गांव की मुख्य सड़क पर वाहन जांच अभियान शुरू किया. इसी दौरान रहमतपाड़ा चौक की ओर से तेज गति से आ रही सफेद रंग की कार को पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया. वाहन का नंबर बीआर-11-बीजेड-1165 है. तलाशी लेने पर डिक्की में रखे सूटकेस और बैग से 80.900 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.

असम से गांजा लाकर दरभंगा ले जा रहे थे

एसपी संतोष कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान विपिन पवार ने पुलिस को बताया कि असम से गांजा लाकर दरभंगा के तस्करों को उपलब्ध कराया जाता था. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े असम और दरभंगा के अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. पुलिस गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क का बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाल रही है. बरामद मोबाइल फोन का तकनीकी अनुसंधान भी जारी है. इसके माध्यम से तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस ने अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्त करने की कार्रवाई करने की बात कही है. मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 451/26, दिनांक 26 अगस्त 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(c), 20(b)(ii)(c) और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.

इसे भी पढ़ें: ‘कुछ जातियां उठा रहीं ज्यादा लाभ’, मांझी के बेटे ने की आरक्षण की समीक्षा की मांग, बोले- कोटा के अंदर कोटा जरूरी


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन