महिला की चाकू से गोदकर हत्या, तीन नकाबपोश हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम
अस्पताल में लगी परिजनों व ग्रामीणों की भीड़.
खगड़िया के गोगरी थाना क्षेत्र में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. तीन नकाबपोश हमलावरों ने महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
गोगरी (खगड़िया) . थाना क्षेत्र के दौड़ बगीचा जमालपुर में शनिवार की देर रात करीब 10 बजे तीन अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने एक महिला की चाकू से गोदकर हत्या कर दी. मृतका की पहचान रामपुर गांव निवासी मो. अरशद की पत्नी रजीना खातून के रूप में हुई है.
आपके शहर में
जानकारी के अनुसार, रजीना खातून अपने पति मो. अरशद के साथ जमालपुर स्थित विषहरी मेला जा रही थीं. उनका पुत्र शाम को मेला देखने गया था और देर रात तक घर वापस नहीं लौटा था. इसी कारण दंपती अपने पुत्र की तलाश में मेला की ओर जा रहे थे.
छाती और पेट पर चाकू से किया वार
इसी दौरान दौड़ बगीचा जमालपुर के समीप तीन नकाबपोश हमलावरों ने रजीना खातून पर हमला कर दिया. हमलावरों ने उनकी छाती और पेट में चाकू से लगातार कई वार किए. गंभीर रूप से घायल महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग महिला को गोगरी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही गोगरी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
हत्या के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार कराया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया. हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. प्रारंभिक तौर पर घटना को पुराने या आपसी विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है.
पुलिस अज्ञात हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतका के परिजनों की चीख-पुकार से अस्पताल और गांव का माहौल गमगीन हो गया.
ALSO READ : रिमांड पर मनीष से SP ने की पूछताछ, खुल सकते हैं कई बड़े राज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए