रास्ते को लेकर खगड़िया में भिड़े दो पक्ष, लाठी-डंडों से जमकर मारपीट, महिलाओं समेत 8 घायल
इलाजरत घायल. | Prabhat Khabar Network
रास्ते के विवाद में भीड़िया गांव में दो गुट भिड़े, जमकर हुई लाठी-डंडे से मारपीट, 8 लोग घायल. पुलिस जांच में जुटी.
रास्ते का विवाद इतना बढ़ गया कि बातचीत के दौरान ही दोनों पक्ष एक-दूसरे के खून के प्यासे हो गए. देखते ही देखते गाली-गलौज शुरू हुई और फिर जमकर लाठी-डंडे चलने लगे. मामला चौथम थाना क्षेत्र के पश्चिमी बोरने पंचायत अंतर्गत भीड़िया गांव का है. यहां रास्ते को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों के चार-चार लोगों सहित कुल आठ लोग घायल हो गए. अचानक हुई मारपीट के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई.
बातचीत के दौरान बढ़ा विवाद, फिर शुरू हुई मारपीट
मिली जानकारी के अनुसार, चौथम प्रखंड के भीड़िया गांव में रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. इसी मामले को सुलझाने के लिए दोनों पक्षों के लोग बातचीत कर रहे थे. शुरुआत में बातचीत सामान्य रही, लेकिन धीरे-धीरे दोनों ओर से आरोप-प्रत्यारोप और तीखी नोकझोंक शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला गाली-गलौज तक पहुंच गया और फिर दोनों पक्षों के बीच मारपीट होने लगी. इस घटना में कुल आठ लोग घायल हो गए.
दोनों पक्षों के चार-चार लोग घायल
मारपीट में एक पक्ष से गणेश चौधरी के पुत्र अशोक चौधरी, अशोक चौधरी के पुत्र सूरज कुमार, विद्यानंद चौधरी के पुत्र सुमित कुमार और सिनोद महतो के पुत्र राकेश कुमार घायल हुए हैं. वहीं, दूसरे पक्ष से गुलाब महतो के पुत्र श्रवण कुमार, देवो महतो के पुत्र रणवीर महतो, गुलाब महतो के पुत्र मुन्ना महतो और मुन्ना महतो की पत्नी मणी देवी घायल हुई हैं.
डायल 112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डायल 112 पर सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए चौथम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सक डॉ. ब्रजेश कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए सभी आठ घायलों को सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया.
चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं. पुलिस को आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी. दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए