सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त उपाधीक्षक सहित आधे दर्जन से अधिक चिकित्सकों का प्रतिनियुक्ति रद्द

फोटो.12केप्सन. चिकित्सक का इंतजार करते मरीज | Prabhat Khabar Network
खगड़िया सदर अस्पताल में उपाधीक्षक सहित आधा दर्जन से अधिक डॉक्टरों की प्रतिनियुक्ति रद्द कर दी गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं।
खगड़िया. सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त उपाधीक्षक सहित आधे दर्जन से अधिक चिकित्सकों का प्रतिनियुक्ति रद्द कर दिया गया. असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रमेंद्र कुमार ने प्रतिनियुक्ति को विलोपित किया है. सिविल सर्जन ने सदर अस्पताल एवं जिला प्रतिरक्षण कार्यालय में प्रतिनियुक्त डॉ. धर्मेंद्र कुमार को मूल पदस्थापन स्थल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलौली, सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त डॉ. जिआउल हक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौथम, सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार शर्मा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परबत्ता, सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त डॉ. शशिवाला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खगड़िया, सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त डॉ. नरेंद्र कुमार को अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी, डॉ. गौरव भूषण को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोगरी तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेलदौर में प्रतिनियुक्त डॉ. अरविंद कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौथम में भेज दिया. वहीं डॉ मनोज कुमार की प्रतिनियुक्ति रद्द कर दी गयी है. सिविल सर्जन ने सभी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया है कि अपने अपने मूल पदस्थापित स्वास्थ्य संस्थान में अविलंब योगदान कर कार्य करना सुनिश्चित करें. सिविल सर्जन ने प्रतिनियुक्ति रद्द किये जाने की जानकारी जिलाधिकारी व क्षेत्रीय अपर निदेशक स्वास्थ्य सेवा मुंगेर प्रमंडल के अलावे स्वास्थ्य विभाग के सचिव को दिया.
कई चिकित्सक अभी भी प्रतिनियुक्ति पर उठने लगे सवाल सिविल सर्जन ने आधे दर्जन से अधिक चिकित्सकों का प्रतिनियुक्ति विलोपित कर दिया. जबकि स्वास्थ्य महकमा में अन्य प्रतिनियुक्ति चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति रद्द नहीं किया जाना चर्चा का विषय बना हुआ है. कर्मियों की माने तो पैरवी व पहुंच रखने वाले चिकित्सक व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति रद्द नहीं की गयी. जबकि सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त डॉ. रूबी कुमारी का मूल पदस्थापन पीएचसी परबत्ता में है. वर्षो से प्रतिनियुक्त स्थल पर ड्यूटी कर रहे हैं. इसी तरह सिविल सर्जन कार्यालय में प्रतिनियुक्त स्वास्थ्य प्रशिक्षक उदय शंकर कुमार का मूल पदस्थापन अलौली में है. वहीं सुमित कुमार का मूल पदस्थापन गोगरी में है. लेकिन प्रतिनियुक्ति सिविल सर्जन कार्यालय में है. सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त मुकेश भारती का मूल पदस्थापन एपीएचसी मोहराघाट में है. मनोज कुमार की प्रतिनियुक्ति जीएनएम व एएनएम स्कूल में किया गया है. जबकि उनका मूल पदस्थापन रानीसकरपुरा एपीएचसी में लिपिक के पद पर है. इसी तरह प्रवीण कुमार सिविल सर्जन कार्यालय में प्रतिनियुक्त है. लोगों ने कहा कि विभाग द्वारा सेलेक्टेड लोगों का प्रतिनियुक्ति विलोपित किया है. जबकि कुछ लोग वर्षो से एक ही जगह पदस्थापित हैं. उनकी प्रतिनियुक्ति रद्द नहीं किया गया है.
प्रतिनियुक्ति हटते ही कार्य हो रहा प्रभावित
बताया जाता है कि सिविल सर्जन द्वारा प्रतिनियुक्ति रद्द किये जाने के बाद से सदर अस्पताल में कार्य प्रभावित होने लगा है. मरीजों को अनावश्यक भागलपुर रेफर किया जा रहा है. बीते बुधवार को सदर अस्पताल में मेडिकोलीगल व दिव्यांग शिविर के लिए पीड़ित भटकते नजर आये. निवर्तमान उपाधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र कुमार व मेडिकोलीगल प्रभारी डॉ. बलवन द्वारा पीड़ितों के समक्ष असमर्थता जाहिर किया जा रहा था. बताया गया कि बीते 30 जून को स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति और पदस्थापन को लेकर नई व्यवस्था लागू की गयी है. वर्ष 2025 में बाढ़ व पर्व त्योहारों द्वारा स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रखने के लिए जिलाधिकारी को दी गयी अस्थाई प्रशासनिक छूट अब समाप्त कर दी गयी. आदेश को आधार बनाकर किसी भी चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति या स्थानांतरण नहीं किया जा सके. स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने जिलाधिकारी को पत्र जारी कर कहा कि केवल 2025 में विशेष परिस्थितियों को देखते हुए जिले के भीतर आवश्यकता अनुसार चिकित्सकों का अस्थाई पदस्थापन करने की अनुमति दी गयी थी. यह व्यवस्था केवल उसी वर्ष के लिए लागू थी. अब स्वत: समाप्त हो चुकी है. सचिव द्वारा जारी आदेश के आलोक में सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त ऑर्थो चिकित्सक डॉ. अभय कुमार मूल पदस्थापित जगह मानसी चल गये. जिसके कारण बीते एक सप्ताह से जरूरतमंद लोगों के लिए दिव्यांग शिविर नहीं लगाया जा रहा है. दिव्यांगजन सदर अस्पताल परिसर में भटकते नजर आ रहे थे. मेडिकोलीगल के नोडल पदाधिकारी डॉ. बलवन ने बताया कि हड्डी रोग के चिकित्सक नहीं रहने के कारण मेडिकोलीगल का कार्य प्रभावित हो रहा है.
उपकरण सदर अस्पताल में लेकिन चिकित्सक अनुमंडल अस्पताल गोगरी में बताया जाता है कि सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन, एक्स-रे के लिए सभी उपकरण उपलब्ध है. लेकिन सदर अस्पताल में चिकित्सक नहीं. रेफरल अस्पताल गोगरी में उपकरण नहीं है. लेकिन वहां रेडियो लॉजिस्ट डॉक्टर ड्यूटी कर रहे हैं. लोगों ने कहा कि जहां उपकरण है वहां डॉक्टर नहीं, जहां डॉक्टर है वहां उपकरण नहीं, यहीं स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्था है.
कहते हैं सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. रामेंद्र कुमार ने बताया कि विभागीय निर्देश पर सभी स्वास्थ्य पदाधिकारी व कर्मियों की प्रतिनियुक्ति रद्द की गयी है. बचे हुये प्रतिनियुक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी रद्द की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राजकिशोर सिंह
राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










