खगड़िया में मुठभेड़: SI की पिस्टल छीनकर भाग रहे बदमाश को पैर में मारी गोली, दो फरार

Updated:
विज्ञापन
घटनास्थल पर मौजूद एसपी

घटनास्थल पर मौजूद एसपी

Khagaria Police Encounter: खगड़िया के बेलदौर में पुलिस टीम पर हमला कर सरकारी पिस्टल छीनने का प्रयास करने वाले बदमाशों से मुठभेड़ हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी अखिलेश कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए. छीनी गई पिस्टल की बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

विज्ञापन

खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट

Khagaria Police Encounter: वारदात मंगलवार की रात सकरोहर-कुर्बन प्रधानमंत्री पथ पर रांकि बासा के समीप घटित हुई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा भी बरामद किए हैं.

वाहन जांच के दौरान पुलिस टीम पर हमला, छीनी पिस्टल

बेलदौर थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया. जांच के दौरान तीनों बदमाश पुलिस टीम से उलझ गए और एक एसआई (SI) के साथ मारपीट करते हुए उनकी सरकारी पिस्टल छीनकर फरार हो गए. इस घटना की सूचना मिलते ही पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया.

एसपी के निर्देश पर टीम गठित, भागने के प्रयास में हुई मुठभेड़

खगड़िया पुलिस अधीक्षक भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर तत्काल डीएसपी, डीआईयू (DIU) और बेलदौर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी शुरू की गई. इस अभियान के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को लेकर जब पुलिस टीम लौट रही थी, तभी सकरोहर-कुर्बन प्रधानमंत्री पथ पर रांकि बासा के पास आरोपी ने पुलिस कस्टडी से भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर हमला कर दिया. पुलिस ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना. इसके बाद आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई.

"सब-इंस्पेक्टर से सरकारी हथियार छीनने वाले अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की गई है. कस्टडी से भागने और टीम पर हमला करने के प्रयास के दौरान आत्मरक्षा में चलाई गई गोली से आरोपी अखिलेश कुमार जख्मी हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. घटनास्थल से दो खोखा बरामद किए गए हैं. छीनी गई सरकारी पिस्टल की बरामदगी और मौके से फरार उसके दोनों साथियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी जारी है. पुलिस पूरे गिरोह के आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है." — भानु प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक (SP), खगड़िया

आरोपी की हुई शिनाख्त, फरार अपराधियों के लिए छापेमारी तेज

मुठभेड़ के बाद पुलिस अधीक्षक ने स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे अभियान की मॉनिटरिंग की और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए. पुलिस की गोली से घायल हुए बदमाश की पहचान कुर्बान गांव (वार्ड संख्या-4) निवासी लालो सदा के पुत्र अखिलेश कुमार के रूप में की गई है.


विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन