टोटो की सीट फाड़ने पर अनाथ मासूम की पीट-पीटकर हत्या, गिड़गिड़ाती रही 13 वर्षीय कोमल
फोटो- मृतक का फाईल फोटो
कटिहार के फलका में 13 वर्षीय अनाथ कोमल की टोटो की सीट फाड़ने के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि वह जान की भीख मांगती रही, लेकिन उसकी पिटाई जारी रही और बाद में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपी चाचा परिवार सहित फरार हो गया है.
कटिहार, फलका. महज टोटो की सीट फाड़ने के आरोप में 13 वर्षीय अनाथ कोमल की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. आरोप है कि बच्ची अपने चाचा-चाची से जान की भीख मांगती रही, लेकिन उसकी पिटाई जारी रही. गंभीर हालत में उसे घर में बंद कर दिया गया. बाद में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद आरोपित चाचा अखिलेश मंडल अपने परिवार के साथ फरार हो गया, जबकि पुलिस ने उसकी पत्नी मीणा देवी को गिरफ्तार कर लिया है.
आपके शहर में
मां की मौत के बाद अनाथ थी कोमल
मृतका की मां की करीब दो वर्ष पूर्व कैंसर से मौत हो गई थी. पिता ने दो शादियां की हैं. कोमल चार बहनों और एक छोटे भाई में शामिल थी. लोहनी गांव में उसके नाना ढोराई मंडल का घर है. नाना ही अक्सर बच्चों की देखभाल करते थे. कोमल और उसके भाई-बहन चाचा-चाची के घर भी आते-जाते थे.
टोटो की सीट फाड़ने के बाद शुरू हुई पिटाई
परिजनों के अनुसार बुधवार को नादानी में कोमल ने अपने चाचा अखिलेश मंडल के टोटो की सीट का कवर फाड़ दिया. सीट फटी देखकर चाचा-चाची नाराज हो गए और बच्ची की पिटाई शुरू कर दी. आरोप है कि लोगों के सामने भी बच्ची को बेरहमी से पीटा गया. बच्ची अपने जान बचाने की गुहार लगाती रही, लेकिन उसकी पिटाई जारी रही.
नाना ने ढाई हजार रुपये देने की बात कही
मृतका के नाना ढोराई मंडल का आरोप है कि सूचना मिलने पर वह बच्ची की बड़ी बहन के साथ अखिलेश मंडल के घर पहुंचे थे. उन्होंने टोटो की सीट का कवर फटने के बदले 2,500 रुपये देने की बात कही, लेकिन आरोपित ने राशि लेने से इनकार कर दिया. नाना का आरोप है कि इसके बाद रात में चाचा, चाची, उनकी बेटी और बहू ने बच्ची की पिटाई की, जिससे उसकी मौत हो गई.
सुबह गांव में फैली खबर, घर छोड़कर फरार हुआ परिवार
गुरुवार सुबह घटना की जानकारी पूरे गांव में फैल गई. इसके बाद सैकड़ों ग्रामीण अखिलेश मंडल के घर के पास जुट गए. घटना को लेकर गांव में आक्रोश और मातम का माहौल बन गया. ग्रामीणों की भीड़ जुटने के बाद अखिलेश मंडल अपने परिवार के साथ घर छोड़कर फरार हो गया.

फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस ने की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पोठिया ओपी अध्यक्ष नवीन कुमार और सदर टू डीएसपी सुनील कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की और परिजनों से पूछताछ की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कटिहार भेज दिया.
नाना के आवेदन पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
मृतका के नाना ढोराई मंडल के आवेदन पर पोठिया थाना में मामला दर्ज किया गया है. डीएसपी सुनील कुमार शर्मा के अनुसार आवेदन के आधार पर लोहनी गांव निवासी अखिलेश मंडल, उसकी पत्नी मीणा देवी तथा पुत्री-बहू रीना देवी को आरोपी बनाया गया है. पुलिस ने मुख्य आरोपित की पत्नी मीणा देवी को गिरफ्तार कर लिया है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है.
घटना की जांच में जुटी पुलिस
डीएसपी सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की बारीकी से जांच की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर साक्ष्य जुटा रही है. घटना के बाद लोहनी गांव सहित आसपास के इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों ने आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए