नदियों के उफान से कुरसेला में बिगड़े हालात, दर्जनों गांव बाढ़ से घिरे, कई सड़कों पर आवागमन ठप

Updated:
विज्ञापन

फोटो- कुरसेला क्षेत्र में बाढ़ के पानी से डूबी सड़क और प्रभावित इलाका.

कटिहार के कुरसेला प्रखंड में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है. नदियों के बढ़ते जलस्तर से दर्जनों गांव पानी से घिर गए हैं और प्रमुख ग्रामीण सड़कें जलमग्न हो गई हैं. प्रशासन ने नावों का परिचालन शुरू कर दिया है.

विज्ञापन

Kursela Flood Alert: कटिहार के कुरसेला प्रखंड में नदियों के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है. निचले इलाकों के दर्जनों गांव चारों तरफ से पानी से घिर गए हैं, जबकि कई प्रमुख ग्रामीण सड़कों पर बाढ़ का पानी चढ़ने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है. बाघमारा-पचखुटी संपर्क सड़क पर दो से तीन फीट पानी बह रहा है और गांव का प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क टूट गया है. प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्र में नाव का परिचालन शुरू कराया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

कोसी के जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना

क्षेत्र में कोसी नदी के जलस्तर में अगले 24 घंटे के दौरान करीब 10 सेंटीमीटर बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है. लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण निचले और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है. प्रशासन और स्थानीय लोग संभावित बाढ़ की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.

बाघमारा-पचखुटी सड़क पर बह रहा दो से तीन फीट पानी

एनएच-31 से बाघमारा-पचखुटी को जोड़ने वाली सड़क पर दो से तीन फीट पानी का बहाव हो रहा है. बाढ़ के पानी के कारण बाघमारा और पचखुटी गांव का प्रखंड मुख्यालय से सड़क संपर्क पूरी तरह टूट गया है. लोगों की आवाजाही के लिए इस स्थान पर सरकारी स्तर से नाव का परिचालन कराया जा रहा है.

कटरिया-त्रिमोहनी मार्ग भी डूबा

कटरिया गांव से त्रिमोहनी संगम को जोड़ने वाली जर्जर सड़क भी बाढ़ के पानी में डूब गई है. सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. ग्रामीणों को आने-जाने के लिए वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है.

मड़कोस नदी का पानी सड़क सह बांध पर चढ़ने का खतरा

घुरना-बल्थी-महेशपुर सड़क सह बांध पर मड़कोस नदी का पानी चढ़ने का खतरा बढ़ गया है. वहीं मधेली के बारह नंबर ठोकर पर गंगा नदी के पानी का दबाव भी बढ़ रहा है. मौसमी नदियों का जलस्रोत मुख्य नदियों से जुड़ने के कारण क्षेत्र में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो गई है.

बाढ़ के पानी से घिरा विद्यालय

मधेली गुमटी टोला स्थित विद्यालय चारों तरफ से बाढ़ के पानी से घिर गया है. विद्यालय परिसर के भीतर भी किसी समय पानी प्रवेश करने की आशंका बनी हुई है. इससे बच्चों की पढ़ाई और विद्यालय संचालन को लेकर भी चिंता बढ़ गई है.

कई गांवों पर मंडरा रहा बाढ़ का खतरा

प्रखंड क्षेत्र के शेरमारी, चांयटोला, पत्थलटोला, बाघमारा, पचखुटी, मेहरटोला, रामपुर ग्वालटोली, कुरसेला बस्ती, बल्थी महेशपुर, खेरिया, तीनघरिया, बालूटोला नवटोलिया, बसुहार मजदिया, कमलाकान्ही, मधेली गुमटी टोला, मलेनिया और मिर्जापुर सहित कई निचले तटीय गांव बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं.

जलस्तर बढ़ा तो और गांव हो सकते हैं प्रभावित

Kursela Flood Alert: स्थानीय लोगों के अनुसार नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि जारी रही तो आने वाले समय में कई अन्य गांव भी बाढ़ की चपेट में आ सकते हैं. ऐसे में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के बीच चिंता बढ़ गई है. प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन और राहत व्यवस्था को लेकर प्रशासन की सक्रियता महत्वपूर्ण हो गई है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन