पोठिया में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, पंचायत समिति सदस्य समेत छह घायल

Updated:
विज्ञापन
पोठिया में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, पंचायत समिति सदस्य समेत छह घायल

घायल व्यक्ति इलाज कराते जख्मी

पोठिया थाना क्षेत्र के शब्दा में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें पंचायत समिति सदस्य समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

कटिहार : पोठिया थाना क्षेत्र की शब्दा पंचायत के वार्ड संख्या-9 में मंगलवार को मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में पंचायत समिति सदस्य सहित आधा दर्जन लोग घायल हो गए. सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फलका लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल राजेंद्र मल्लिक को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. अन्य घायलों का इलाज फलका अस्पताल में चल रहा है.

सीएसपी के पास कहासुनी के बाद घर पहुंचकर मारपीट का आरोप

घायल पक्ष की गीता देवी (55), निवासी शब्दा ने पोठिया थाना में 20 लोगों के विरुद्ध लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. आवेदन के अनुसार, मंगलवार की शाम पोठिया बाजार स्थित एसबीआई सीएसपी के पास उनके पुत्र आदेश मल्लिक की किशोर मल्लिक से मामूली कहासुनी हुई थी. इसके बाद आदेश मल्लिक घर लौट आया. आरोप है कि कुछ देर बाद नामजद आरोपित उनके घर पहुंचे, जबरन घुसकर गाली-गलौज की और परिवार के लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी.

धारदार हथियार से हमला, लूटपाट का भी आरोप

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि किशोर मल्लिक ने धारदार हथियार से राजेंद्र मल्लिक के सिर और कान पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया. बीच-बचाव करने पहुंचे आदेश मल्लिक, राजा मल्लिक, गीता देवी, पंचायत समिति सदस्य शीला देवी तथा रिंकू देवी के साथ भी मारपीट की गई. घायल पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान आदेश मल्लिक के गले से सोने का लॉकेट और मोबाइल छीन लिया गया. वहीं राजा मल्लिक के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई.

पूर्व से प्रताड़ित करने का लगाया आरोप

घायल राजेंद्र मल्लिक ने बताया कि उनकी पत्नी गीता देवी पर आरोपित पक्ष पहले से डायन होने का झूठा आरोप लगाकर प्रताड़ित करता रहा है. उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई बार मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच

पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया कि मामले में लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

और पढ़ें : अमृत ​​भारत स्टेशन योजना के तहत कटिहार रेल मंडल के एक सहित एनएफआर के तीन रेलवे स्टेशन पुनर्विकसित


विज्ञापन
राजकिशोर

लेखक के बारे में

By राजकिशोर

राजकिशोर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के कटिहार कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन