कटिहार के मनिहारी में विकास कार्य ठप: मुख्य पार्षद का EO पर गंभीर आरोप; 14 तक भुगतान न होने पर सफाईकर्मियों की हड़ताल की चेतावनी

Updated:
विज्ञापन

फोटो- बाढ़ के बीच चचरी का पुल बनाते मजदूर | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मनिहारी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद ने कार्यपालक पदाधिकारी पर विकास कार्यों के भुगतान में देरी का गंभीर आरोप लगाया है. भुगतान न होने से सफाईकर्मी 14 सितंबर तक हड़ताल पर जाने की चेतावनी दे चुके हैं.

विज्ञापन

मनिहारी (कटिहार). मनिहारी नगर पंचायत के मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर पंचायत में विकास कार्यों के भुगतान समेत विभिन्न मामलों को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मुख्य पार्षद का आरोप है कि जनवरी 2026 से जब से अमदाबाद नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को मनिहारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, तब से विकास कार्यों का भुगतान ठप पड़ा है. उन्होंने नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर लंबित भुगतानों का शीघ्र निष्पादन कराने की मांग की है.

विज्ञापन

बोर्ड की बैठक में भुगतान का दिया गया था आदेश

मुख्य पार्षद ने बताया कि गत 27 जुलाई को नगर पंचायत की सशक्त स्थायी समिति और सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गयी थी. बैठक में सर्वसम्मति से नगर पंचायत के सभी लंबित कार्यों का अविलंब भुगतान करने का आदेश दिया गया था. इसके बावजूद अब तक संबंधित कार्यों का भुगतान नहीं होने का उन्होंने आरोप लगाया.

स्ट्रीट लाइट का टेंडर फाइनल होने के बाद भी मामला अटका

राजेश कुमार ने कहा कि पूरे नगर क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने का टेंडर फाइनल हो चुका है. इसके बावजूद प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से नगर क्षेत्र के कई हिस्सों में अंधेरा बना हुआ है.

सड़क मरम्मत के कार्यादेश नहीं होने का आरोप

मुख्य पार्षद ने कहा कि बरसात के दौरान नगर की सड़कों पर मरम्मत कार्य कराया जाना था, लेकिन कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से कार्यादेश जारी नहीं किया गया. इसके बावजूद निजी प्रयास से चिन्हित सड़कों पर मरम्मत कार्य कराया गया.

उन्होंने बताया कि मरम्मत कार्य के बाद नोट-कैम से खींचे गये फोटो साक्ष्य भी कार्यपालक पदाधिकारी को उपलब्ध कराए गए हैं.

सफाई मद का कई माह से भुगतान लंबित

मुख्य पार्षद के अनुसार नगर पंचायत में साफ-सफाई मद का भुगतान भी कई महीनों से लंबित है. उन्होंने कहा कि भुगतान नहीं होने के कारण सफाईकर्मियों में नाराजगी है.

उनके अनुसार सफाईकर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि 14 सितंबर तक भुगतान नहीं किया गया तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे. ऐसी स्थिति में शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने और नगर की स्थिति खराब होने की आशंका है.

नगर विकास मंत्री से हस्तक्षेप की मांग

मुख्य पार्षद राजेश कुमार उर्फ लाखो यादव ने नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के सभी लंबित भुगतानों का शीघ्र निष्पादन कराया जाए. उन्होंने यह भी मांग की कि यदि कार्यपालक पदाधिकारी के स्तर से नगर पंचायत के कार्यों में बाधा उत्पन्न हो रही है तो उनका अविलंब तबादला किया जाए.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन