'पुलिस' लिखी बुलेट पर महिला सिपाही ने 'बीड़ी जलेले...' गाने पर बनाई रील, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

रील बनाती पुलिस कर्मी | Prabhat Khabar Network
कटिहार में एक महिला पुलिसकर्मी का खाकी वर्दी में पुलिस की बुलेट बाइक पर 'बीड़ी जलेले जिगर से पिया' गाने पर रील बनाना चर्चा का विषय बन गया है. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस कृत्य को DGP के सख्त आदेशों की अवहेलना माना जा रहा है, जिससे विभागीय कार्रवाई की तलवार लटक रही है.
सोशल मीडिया पर व्यूज और लाइक पाने के लिए रील बनाने का क्रेज इस कदर बढ़ गया है कि अब कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी भी इससे अछूते नहीं रहे. कटिहार जिले में सोशल मीडिया पर एक महिला पुलिसकर्मी का वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह पुलिस की आधिकारिक नंबर प्लेट वाली बुलेट बाइक पर बैठकर भोजपुरी-बॉलीवुड के चर्चित गाने "बीड़ी जलेले जिगर से पिया..." पर रील बनाती नजर आ रही हैं.
वर्दी की मर्यादा और अनुशासन तार-तार
वायरल रील में महिला पुलिसकर्मी पुलिस लिखी बुलेट गाड़ी पर सवार होकर फिल्मी गाने पर अभिनय करती दिख रही है. यदि यह रील देशभक्ति, यातायात जागरूकता या बेहतर पुलिसिंग से जुड़ी होती, तो शायद लोग इसकी सराहना भी करते.
लेकिन अश्लील और अमर्यादित गानों पर खाकी वर्दी पहनकर बनाई गई यह रील लोगों के बीच चर्चा और आलोचना का विषय बनी हुई है. स्थानीय लोग और सोशल मीडिया यूजर्स पुलिस महकमे की इस कार्यशैली पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
नीतू कुमारी नाम की सिपाही होने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, वायरल वीडियो में नजर आ रही महिला पुलिसकर्मी का नाम नीतू कुमारी बताया जा रहा है, जिसकी वर्तमान पोस्टिंग कटिहार जिले में होने की बात सामने आ रही है. हालांकि, पुलिस प्रशासन या संबंधित विभाग की ओर से इस नाम और स्थान की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
DGP के सख्त आदेशों की सीधे तौर पर अवहेलना
गौरतलब है कि बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) ने पूर्व में ही स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि:
- ड्यूटी के दौरान या खाकी वर्दी पहनकर कोई भी पुलिसकर्मी सोशल मीडिया के लिए रील नहीं बनाएगा.
- वर्दी की गरिमा, अनुशासन और विभाग की छवि को धूमिल करने वाली किसी भी गतिविधि पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
इसके बावजूद वर्दी में इस प्रकार के गानों पर रील बनाना पुलिस महानिदेशक के आदेशों की सीधी अवहेलना को दर्शाता है. अब देखना यह होगा कि मामले का संज्ञान लेने के बाद जिला पुलिस कप्तान इस पर क्या कार्रवाई करते हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










