कटिहार में बाढ़ का कहर : 2.89 लाख से अधिक आबादी प्रभावित, 4 प्रखंडों के 178 गांव पानी में

Updated:
विज्ञापन

मनिहारी के धुरियाही में मोटर बोट से बाढ़ का जायजा लेते जिलाधिकारी व अन्य | Prabhat Khabar Network

कटिहार जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जिससे 4 प्रखंडों के 178 गांव और 2.89 लाख से अधिक आबादी प्रभावित हुई है. डीएम ने मोटरबोट से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया.

विज्ञापन

कटिहार : कटिहार जिले में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर बनी हुई है. जिला आपदा प्रबंधन प्रशाखा की ओर से रविवार शाम जारी फ्लड रिपोर्ट के अनुसार जिले के चार प्रखंडों में 2,89,680 से अधिक आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है. कुरसेला, बरारी, मनिहारी और अमदाबाद प्रखंड के 35 ग्राम पंचायतों के 178 गांव बाढ़ की चपेट में हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

रिपोर्ट के अनुसार प्रभावित आबादी में ग्रामीण क्षेत्र के 2,55,142 और शहरी क्षेत्र के 24,538 लोग शामिल हैं. वहीं बाढ़ से कुल 60,227 परिवार प्रभावित हुए हैं. इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 54,887 और शहरी क्षेत्र के 5,340 परिवार शामिल हैं. नगर पंचायत के 10 वार्ड भी बाढ़ से प्रभावित बताए गए हैं.

399 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित

बाढ़ का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ा है. जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार अब तक 399 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित हुआ है. हालांकि रिपोर्ट में क्षतिग्रस्त फसल क्षेत्र और फसलों के अनुमानित नुकसान का आंकड़ा फिलहाल शून्य दर्ज किया गया है.

बाढ़ के कारण जिले में अब तक 2,335 पशु भी प्रभावित हुए हैं. प्रशासन की ओर से प्रभावित इलाकों में स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है.

बाढ़ की स्थिति के मुख्य आंकड़े

  • 4 प्रखंड बाढ़ से प्रभावित.
  • 35 ग्राम पंचायतों में बाढ़ का असर.
  • 178 गांव बाढ़ की चपेट में.
  • 2,89,680 लोग प्रभावित.
  • 60,227 परिवार प्रभावित.
  • 399 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र प्रभावित.
  • 2,335 पशु प्रभावित.
  • नगर पंचायत के 10 वार्ड भी प्रभावित.

डीएम ने मोटरबोट से लिया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा

बाढ़ की गंभीर स्थिति के बीच रविवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अधिकारियों की टीम के साथ कुरसेला, बरारी और मनिहारी प्रखंड के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया. उन्होंने प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लेने के साथ मोटरबोट के जरिये भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया.

डीएम ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के साथ किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. आपदा प्रबंधन की ओर से जारी मानक संचालन प्रक्रिया के तहत बाढ़ प्रभावित लोगों को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है.

बढ़ते जलस्तर से और गंभीर हो सकती है स्थिति

जिले में नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच आने वाले दिनों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर होने की आशंका जतायी जा रही है. प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी कर रहा है और राहत एवं बचाव व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है.

निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता विनोद कुमार, अपर समाहर्ता आपदा फिरोज अख्तर, उप विकास आयुक्त नेहा कुमारी, सदर एसडीओ सूरज कुमार सहित कई अधिकारी मौजूद रहे.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन