अंतिम सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा कटिहार

Updated:
विज्ञापन

जलाभिषेक करते श्रद्धालु। | Prabhat Khabar Network

सावन की अंतिम सोमवारी पर कटिहार के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा शहर, कांवरियों ने किया जलाभिषेक।

विज्ञापन

कटिहार : सावन माह की अंतिम सोमवारी पर सोमवार को कटिहार शहर के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अहले सुबह से ही भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया. हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से शहर का माहौल भक्तिमय हो गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

शहर के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक के लिए लंबी कतारें लगी रहीं. मंदिरों में घंटियों की गूंज और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु अपनी बारी का इंतजार करते नजर आये. सुबह करीब 11 बजे तक कई मंदिरों में काफी भीड़ हो गयी. भीड़ के कारण श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश और जलाभिषेक के लिए कतार में इंतजार करना पड़ा.

मनिहारी घाट से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरिये

अंतिम सोमवारी को लेकर बड़ी संख्या में कांवरिये मनिहारी घाट से गंगाजल लेकर कटिहार शहर के विभिन्न शिवालयों में पहुंचे. बोल बम के जयकारे के साथ कांवरियों ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया. श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, भांग, धतूरा और पुष्प अर्पित कर पूजा-अर्चना की.

शिव मंदिर चौक, दौलतराम चौक, नया टोला, तिनगछिया, हवाई अड्डा, जीआरपी चौक, बीएमपी और अनाथालय रोड सहित शहर के छोटे-बड़े शिव मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही.

कई युवा रविवार को ही बाइक और कार से देवघर के लिए रवाना हुए थे. वहीं, बड़ी संख्या में कांवरिये मनिहारी घाट से गंगाजल लेकर सोमवार सुबह शहर के शिवालयों में पहुंचे और भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया.

शाम को होगा बाबा भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार

अंतिम सोमवारी के अवसर पर शहर के कई शिव मंदिरों में शाम को भगवान भोलेनाथ का भव्य श्रृंगार किया जाएगा. दौलतराम चौक स्थित शिव मंदिर और अनाथालय रोड स्थित शिव मंदिर समेत कई मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है.

कई मंदिरों में शाम को महाभंडारे का आयोजन भी किया जायेगा. इसमें श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा. वहीं, भीड़ को देखते हुए मंदिरों के आसपास पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था की गयी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन