नुआंव में बहनों के साथ राखी खरीदने बाजार गए युवक पर हमला, वाराणसी ट्रामा सेंटर में हालत नाजुक
राखी खरीदने बाजार गए युवक पर हमला (AI Generated )
नुआंव में राखी खरीदने गए युवक के साथ मारपीट, वाराणसी ट्रामा सेंटर में जिंदगी और मौत से जूझ रहा पीड़ित। पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।
नुआंव प्रतिनिधि. रक्षाबंधन को लेकर अपनी दो बहनों के साथ राखी खरीदने नुआंव बाजार गये युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि नुआंव के तीन युवकों ने युवक के साथ अभद्रता की और विरोध करने पर उस पर हमला कर दिया. हमले में महरों गांव निवासी आकाश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया.
आपके शहर में
आकाश का इलाज वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा है, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बतायी जा रही है. परिजनों के अनुसार वह पिछले तीन दिनों से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.

बहनों के साथ बाजार गया था आकाश
घायल के चाचा महेंद्र सिंह और पिता गया सिंह की ओर से थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. आवेदन में महेंद्र सिंह ने बताया कि आकाश अपनी दो बहनों के साथ रक्षाबंधन के लिए राखी खरीदने नुआंव बाजार गया था.
इसी दौरान नुआंव के रहने वाले एक किशोर समेत तीन युवकों ने आकाश के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया. आरोप है कि युवकों ने उसकी बहनों के साथ भी छेड़खानी शुरू कर दी.
विरोध करने पर किया हमला
आवेदन के अनुसार, आकाश ने बहनों के साथ की जा रही छेड़खानी का विरोध किया. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया.
आरोप है कि किशोर ने फाइटर से आकाश के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर हमला कर दिया. मारपीट में गंभीर रूप से घायल आकाश मौके पर ही बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़ा.
नुआंव पीएचसी से वाराणसी रेफर
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घायल आकाश को नुआंव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया.
आकाश की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उसे वाराणसी लेकर गये, जहां उसका इलाज जारी है.
परिजनों की चिंता बढ़ी
परिजनों के अनुसार आकाश पिछले तीन दिनों से ट्रामा सेंटर में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. होश में आने के बाद वह जोर-जोर से चिल्लाता है, जिससे उसकी हालत को लेकर परिवार के लोगों की चिंता और बढ़ गयी है.
घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. उन्होंने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
एक किशोर समेत तीन गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक किशोर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष शांतनु कुमार ने बताया कि नुआंव गांव के तसलीम और सरफराज समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
पुलिस ने तीनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए