रामगढ़ बंदोबस्त शिविर में महिला कर्मियों ने शिविर प्रभारी पर प्रताड़ना का लगाया आरोप, पांच सदस्यीय टीम करेगी जांच, तीन दिन में मांगी रिपोर्ट
अस्पताल में इलाजरत महिला कर्मी
रामगढ़ बंदोबस्त शिविर में महिला कर्मियों ने प्रभारी पर प्रताड़ना और अवैध वसूली का आरोप लगाया है। जिला प्रशासन ने जांच के लिए पांच सदस्यीय टीम गठित की है।
कैमूर जिले के रामगढ़ बंदोबस्त शिविर में कार्यरत महिला और पुरुष कर्मियों ने शिविर प्रभारी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिला बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार को सामूहिक आवेदन दिया है. कर्मियों ने शिविर प्रभारी पर अपमानजनक व्यवहार, मानसिक प्रताड़ना, धमकी और सर्वे के दौरान किसानों से कथित अवैध वसूली का दबाव बनाने का आरोप लगाया है.
आपके शहर में
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी ओमप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच टीम गठित की है. टीम को दोनों पक्षों का बयान दर्ज कर तीन दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.
महिला कर्मियों ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
सामूहिक आवेदन देने वाली महिला अमीन कर्मियों में मोनिका गुप्ता, शुभम कुमारी समेत कई अन्य कर्मी शामिल हैं. उनका आरोप है कि शिविर प्रभारी लंबे समय से कर्मचारियों के साथ अनुचित व्यवहार कर रहे हैं.
महिला कर्मियों का कहना है कि बातचीत के दौरान अपमानजनक भाषा और आपत्तिजनक टिप्पणियां की जाती हैं. इससे कर्मियों पर मानसिक दबाव बना रहता है और कार्यस्थल का माहौल तनावपूर्ण हो गया है.
बाइक से जाने पर भी की जाती टिप्पणी
आवेदन में महिला कर्मियों ने आरोप लगाया है कि यदि कोई महिला कर्मचारी किसी पुरुष सहायक कर्मी के साथ बाइक से कार्यालय या सर्वे कार्य के लिए जाती है तो उसके चरित्र को लेकर टिप्पणी की जाती है.
कर्मियों का कहना है कि इस तरह की बातों से उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग की है.
अधौरा भेजने और वेतन काटने की धमकी
महिला कर्मियों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उन्हें अधौरा जैसे दूरस्थ क्षेत्र में भेजने की धमकी दी जाती है. इसके अलावा वेतन काटने और समय पर छुट्टी नहीं देने की चेतावनी देकर दबाव बनाया जाता है.
कर्मियों के अनुसार इन परिस्थितियों में काम करना मुश्किल हो रहा है और सभी कर्मी मानसिक तनाव में काम करने को मजबूर हैं.
किसानों से पैसे वसूलने का भी आरोप
शिकायत में शिविर प्रभारी पर सबसे गंभीर आरोप सर्वे कार्य के दौरान किसानों से कथित अवैध राशि वसूलने का दबाव बनाने का लगाया गया है.
महिला कर्मियों का आरोप है कि उनसे किसानों से राशि लेने और उसका 50 प्रतिशत हिस्सा शिविर प्रभारी को देने के लिए कहा जाता था. कर्मियों ने इस आरोप की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.
पांच सदस्यीय टीम करेगी जांच
शिकायत मिलने के बाद जिला बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार ने मामले में तत्काल संज्ञान लिया. सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी ओमप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पांच सदस्यीय जांच टीम बनायी गयी है.
टीम में महिला अधिकारियों और कर्मियों को भी शामिल किया गया है. जांच टीम दोनों पक्षों का बयान दर्ज करेगी और तीन दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट जिला बंदोबस्त पदाधिकारी को सौंपेगी.
पूछताछ के दौरान महिला अमीन बेहोश
जांच के सिलसिले में गुरुवार को रामगढ़ बंदोबस्त शिविर के सभी महिला और पुरुष कर्मियों को बयान दर्ज कराने के लिए भभुआ मुख्यालय बुलाया गया था.
इसी दौरान पूछताछ के क्रम में एक महिला अमीन अचानक गिरकर बेहोश हो गयी. इसके बाद जिला बंदोबस्त पदाधिकारी ने अपने वाहन से उसे तत्काल सदर अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज कराया गया. घटना के बाद कुछ समय के लिए पूछताछ का माहौल भी तनावपूर्ण हो गया.
शिविर प्रभारी ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
दूसरी ओर, शिविर प्रभारी ने अपने ऊपर लगाए गये आरोपों को बेबुनियाद बताया है. उनका कहना है कि सर्वे कार्य को समय पर पूरा कराने के लिए कर्मचारियों पर काम का दबाव बनाया जाता है.
उन्होंने कहा कि इसी कार्य दबाव को कुछ कर्मियों ने प्रताड़ना का रूप दे दिया है. उनके अनुसार लगाए गये आरोपों में कोई सच्चाई नहीं है.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
जिला बंदोबस्त पदाधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू करा दी गयी है. गठित टीम दोनों पक्षों की बात सुन रही है और तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी गयी है.
उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पदाधिकारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करायी जा रही है और जांच में जो भी दोषी पाया जायेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए