कैमूर: CHC से मोबाइल और रात में बाइक चोरी, 12 घंटे के भीतर चोरी का सामान बरामद

चोरी की बरामद बाईक | Prabhat Khabar Network
कैमूर जिले में एक चोर ने दिन और रात में दो बड़ी चोरियां कीं. पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से मोबाइल और नकदी चुराई, फिर एक घर के बाहर खड़ी बाइक लेकर फरार हो गया. सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया.
Kaimur Theft News : कैमूर जिले के भगवानपुर में एक शातिर चोर ने सोमवार को दिन और रात में लगातार दो वारदातों को अंजाम दिया. पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) से एएनएम का मोबाइल और नकदी चोरी की, फिर देर रात एक घर के बाहर खड़ी बाइक लेकर फरार हो गया. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने 12 घंटे के भीतर आरोपित को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद कर लिए.
Kaimur News : पहले CHC से मोबाइल और नकदी की चोरी
स्वास्थ्य प्रबंधक टीके उपाध्याय ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे बारिश के दौरान एक युवक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा. उसने ड्यूटी पर तैनात एएनएम सयनतारा के पर्स से मोबाइल फोन और 500 रुपये निकाल लिए. एएनएम को युवक की गतिविधि संदिग्ध लगी, लेकिन पूछताछ करने से पहले ही वह मौके से भाग निकला. बाद में सीसीटीवी फुटेज देखने पर पूरी घटना सामने आ गई.
रात में घर के बाहर से बाइक भी ले उड़ा
इसी दिन देर रात सीएचसी रोड स्थित एक मकान के बाहर खड़ी टीवीएस स्पोर्ट्स बाइक (BR-45T-4094) चोरी हो गई. बाइक खीरी गांव निवासी सुरेंद्र शर्मा की थी. मंगलवार सुबह बाइक गायब मिलने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी. चोरी के दौरान बाइक की चाबी और एक मोबाइल फोन भी गायब था.
CCTV से खुला राज, एक ही चोर ने की दोनों वारदातें
पुलिस ने अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि दोनों घटनाओं को एक ही व्यक्ति ने अंजाम दिया है. आरोपित की पहचान भगवानपुर गांव निवासी मोहन साह के पुत्र अनिल गुप्ता के रूप में हुई.
पिता और भाई के सहयोग से हुई गिरफ्तारी
सब-इंस्पेक्टर वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि अनिल गुप्ता को उसके पिता और बड़े भाई के सहयोग से गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर भगवानपुर बाजार स्थित डाकघर के सामने बने बीएसएनएल टावर परिसर से चोरी की बाइक बरामद कर ली गई.
मोबाइल खरीदने के आरोप में एक और गिरफ्तार
पूछताछ के दौरान आरोपित की निशानदेही पर पुलिस भगवानपुर के महादलित टोला पहुंची, जहां शिवा राम को चोरी का मोबाइल खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. उसके पास से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं. पुलिस यह पता लगा रही है कि बरामद दोनों मोबाइल किन लोगों के हैं.
पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के अनुसार अनिल गुप्ता पहले भी बाइक चोरी और अन्य चोरी के मामलों में जेल जा चुका है. फिलहाल दोनों आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
Also Read : कौन हैं अभिषेक कुमार? बांकीपुर से BJP ने जिस चेहरे पर खेला दांव, जानिए उनका राजनीतिक सफर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










