ePaper

कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर मुफ्त में लगेंगे सोलर पैनल

Updated at : 06 Feb 2026 3:26 PM (IST)
विज्ञापन
कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के घरों की छत पर मुफ्त में लगेंगे सोलर पैनल

ऑनलाइन आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर मिलेगी बिजली से राहत

विज्ञापन

ऑनलाइन आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर मिलेगी बिजली से राहत विभाग ने योजना के लाभ के साथ-साथ साइबर फ्रॉड से बचने के लिए जारी की विशेष चेतावनी भभुआ शहर. कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए बिजली कंपनी बहुत जल्द उनके घरों की छत पर मुफ्त सोलर पैनल लगाकर बिजली आपूर्ति शुरू करने जा रही है. इस योजना को प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत लागू किया जा रहा है. इसके लिए चयनित कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं से ऑनलाइन सहमति पत्र मांगा गया है. जानकारी के अनुसार, सहमति पत्र प्राप्त होने के बाद बिजली कंपनी, डिस्कॉम व रेस्को के अधिकारी संबंधित उपभोक्ताओं के घरों का स्थल निरीक्षण करेंगे. निरीक्षण में स्थिति अनुकूल पाये जाने पर उपभोक्ताओं को रूफ टॉप सोलर प्लांट के सफल क्रियान्वयन, संचालन व इससे जुड़ी सभी प्रक्रियाओं की जानकारी दी जायेगी. सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद घरों की छत पर सोलर पैनल लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी. इस संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता भभुआ शशिकांत कुमार ने बताया कि वैसे बीपीएल परिवार, जो कुटीर ज्योति श्रेणी में आते हैं व जिनके पास अपना पक्का छत वाला घर है, उन्हें इस योजना का लाभ दिया जायेगा. जो उपभोक्ता पहले आवेदन करेंगे, उनके घरों में प्राथमिकता के आधार पर मुफ्त सोलर पैनल लगाये जायेंगे. उन्होंने बताया कि भभुआ प्रमंडल अंतर्गत अधौरा प्रखंड में 233, भभुआ में 10,225, भगवानपुर में 4,953, चैनपुर में 10,336, चांद में 7,092, मोहनिया में 7,393, दुर्गावती में 6,867, कुदरा में 6,136, नुआंव में 2,926, रामगढ़ में 4,819 तथा रामपुर में 5,532 कुटीर ज्योति उपभोक्ता हैं. इन सभी उपभोक्ताओं को सुविधा एप के माध्यम से आवेदन करना होगा. सुविधा एप में सोलर रूफ टॉप के लिए सहमति विकल्प का चयन कर उपभोक्ताओं को यह सहमति देनी होगी कि वे अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए तैयार हैं व उसकी उचित देखरेख करेंगे. योजना का लाभ उठाने की प्रक्रिया को बेहद सरल बताया गया है. यदि किसी उपभोक्ता को ऑनलाइन आवेदन करने में परेशानी होती है तो वे प्रमंडल कार्यालय स्थित सुविधा काउंटर पर जाकर आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए बिजली बिल व मोबाइल नंबर साथ लाना होगा. सुविधा काउंटर पर यह सेवा पूरी तरह निशुल्क है. विद्युत विभाग ने भभुआ प्रमंडल के सभी कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द आवेदन कर राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठायें. साथ ही साइबर फ्रॉड को लेकर चेतावनी देते हुए बताया गया कि विद्युत विभाग कभी भी फोन पर ओटीपी, सीवीवी नंबर या बैंक से जुड़ी कोई गोपनीय जानकारी नहीं मांगता है व न ही किसी प्रकार का लिंक भेजता है. उपभोक्ताओं से आग्रह किया गया है कि वे किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक से सतर्क रहें व किसी भी परिस्थिति में अपनी निजी जानकारी किसी अंजान व्यक्ति से साझा न करें.

विज्ञापन
VIKASH KUMAR

लेखक के बारे में

By VIKASH KUMAR

VIKASH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन