कैमुर : मोहनिया अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मियों की कमी पर बड़ा कदम, 15 प्रतिनियुक्त कर्मियों को वापस बुलाने की मांग

Updated:
विज्ञापन

अनुमंडलिय अस्पताल मोहनिया | Prabhat Khabar Network

मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल से 2 डॉक्टर और 13 कर्मियों की प्रतिनियुक्ति से स्वास्थ्य सेवाएं चरमराईं। डीएस ने सीएस को पत्र लिखकर स्टाफ वापसी की मांग की।

विज्ञापन

मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से दो डॉक्टर समेत कुल 15 कर्मियों की जिले के अलग-अलग स्वास्थ्य संस्थानों में प्रतिनियुक्ति की गई है. बड़ी संख्या में कर्मियों के दूसरे संस्थानों में चले जाने से मोहनिया में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं. इस गंभीर स्थिति को देखते हुए अस्पताल उपाधीक्षक ने सिविल सर्जन को पत्र लिखकर सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को जल्द वापस भेजने का अनुरोध किया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

दो डॉक्टर सहित 15 कर्मी हैं प्रतिनियुक्त

मिली जानकारी के अनुसार अनुमंडलीय अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनिया से कुल 15 कर्मी और अधिकारी विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में प्रतिनियुक्त हैं. इनमें दो चिकित्सा पदाधिकारी, आठ एएनएम और पांच डाटा ऑपरेटर शामिल हैं. कर्मियों की कमी के कारण अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के मौजूदा कर्मचारियों पर काम का अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है.

डॉक्टरों की कमी से चरमरा सकती है व्यवस्था

सिविल सर्जन को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि कई चिकित्सा पदाधिकारियों के स्थानांतरण और प्रतिनियुक्ति के कारण अनुमंडलीय अस्पताल मोहनिया में डॉक्टरों की भारी कमी हो गई है. अस्पताल राष्ट्रीय राजमार्ग के समीप होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र है. यहां बड़ी संख्या में गंभीर मरीज पहुंचते हैं. ऐसे में डॉक्टरों की कमी से किसी भी समय अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने की आशंका जताई गई है.

डॉ. पूजा सिंह और डॉ. साहिल राज को वापस बुलाने की मांग

पत्र के माध्यम से प्रतिनियुक्त चिकित्सक डॉ. पूजा सिंह और डॉ. साहिल राज को शीघ्र मोहनिया वापस भेजने का अनुरोध किया गया है. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि दोनों चिकित्सकों की वापसी से मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी और अस्पताल की व्यवस्था को सुचारू रखने में राहत मिलेगी.

पांच डाटा ऑपरेटरों की वापसी का आग्रह

अनुमंडलीय अस्पताल से पांच डाटा ऑपरेटरों को भी दूसरे संस्थानों में प्रतिनियुक्त किया गया है. इसके कारण अस्पताल में बचे हुए डाटा ऑपरेटरों पर काम का दबाव काफी बढ़ गया है. अस्पताल उपाधीक्षक ने पत्र के माध्यम से पांचों डाटा ऑपरेटरों की प्रतिनियुक्ति समाप्त कर उन्हें उनके मूल संस्थान में वापस भेजने का अनुरोध किया है.

आठ एएनएम की कमी से स्वास्थ्य कार्यक्रम प्रभावित

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनिया से आठ एएनएम कर्मियों की भी दूसरे स्वास्थ्य संस्थानों में प्रतिनियुक्ति की गई है. पत्र में बताया गया है कि एएनएम कर्मियों की कमी के कारण एएनसी, टीकाकरण, एनसीडी समेत कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है.

सभी प्रतिनियुक्त कर्मियों को जल्द वापस भेजने की मांग

अस्पताल उपाधीक्षक ने सिविल सर्जन से मोहनिया से प्रतिनियुक्त सभी 15 कर्मियों को यथाशीघ्र वापस भेजने का आग्रह किया है. प्रशासन का कहना है कि कर्मियों की वापसी से अनुमंडलीय अस्पताल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों की कमी दूर होगी. इससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी और दोनों संस्थानों का संचालन सुचारू रूप से किया जा सकेगा.

मोहनिया से प्रतिनियुक्त डॉक्टर और कर्मियों की सूची

प्रतिनियुक्त कर्मियों में डॉ. पूजा सिंह और डॉ. साहिल राज चिकित्सा पदाधिकारी हैं. डाटा ऑपरेटर के रूप में समीर राज, रणधीर कुमार, अभय कुमार, जितेंद्र पांडेय और सौरभ कुमार अलग-अलग संस्थानों में प्रतिनियुक्त हैं.

एएनएम के रूप में सुशीला टोप्पो, गीता कुमारी, सरस्वती कुमारी, रिंकी कुमारी, रिंकी कुमारी, संध्या कुमारी, उषा कुमारी और नीतू कुमारी की प्रतिनियुक्ति अलग-अलग स्वास्थ्य संस्थानों में की गई है.

कहां प्रतिनियुक्त हैं डॉक्टर और कर्मी

डॉ. पूजा सिंह सीएचसी कुदरा और डॉ. साहिल राज सदर अस्पताल में प्रतिनियुक्त हैं. पांच डाटा ऑपरेटरों में समीर राज सीएचसी भगवानपुर, रणधीर कुमार और सौरभ कुमार जिला स्वास्थ्य समिति कैमूर, अभय कुमार सदर अस्पताल भभुआ तथा जितेंद्र पांडेय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुर में प्रतिनियुक्त हैं.

आठ एएनएम में सुशीला टोप्पो, गीता कुमारी और रिंकी कुमारी सदर अस्पताल भभुआ में, सरस्वती कुमारी टीवी अस्पताल भभुआ में, रिंकी कुमारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चांद में, संध्या कुमारी और उषा कुमारी जीएनएम कॉलेज कटरा कला में तथा नीतू कुमारी पारा मेडिकल कॉलेज भभुआ में प्रतिनियुक्त हैं.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन