अधौरा की सड़की पंचायत की मनरेगा मेट को किया गया ब्लैक लिस्टेड

प्रभात खबर में मामला उजागर होने के बाद डीडीसी ने की कार्रवाई
# पीआरएस से शोकाॅज व मेट पर एफआइआर दर्ज करने का आदेश मनरेगा में गड़बड़ी कर 26 मजदूरों को भुगतान का मामला # प्रभात खबर में मामला उजागर होने के बाद डीडीसी ने की कार्रवाई मोहनिया सदर. अधौरा प्रखंड अंतर्गत सड़की पंचायत के मनरेगा की मेट संतरा देवी को ब्लैक लिस्टेड करने के साथ पीआरएस पर शोकाॅज व मेट पर एफआइआर दर्ज करने का आदेश भारतीय प्रशासनिक सेवा की उप विकास आयुक्त दिव्य शक्ति द्वारा दिया गया है. यह कार्रवाई उस समय किया गया, जब आपके अपने समाचार पत्र प्रभात खबर ने विगत तीन फरवरी 2026 को भीषण ठंड में बनियान पहन कर काम करते दिखे श्रमिक, जमीन में गर्मी वाली दरारें शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था. खबर छपने के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गयी और उप विकास आयुक्त द्वारा इस मामले पर सख्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया. आपके अपने समाचार पत्र प्रभात खबर ने समय-समय पर मनरेगा में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर किया है. हालांकि, ऐसे ही मामले में मनरेगा आयुक्त अभिलाषा कुमारी द्वारा भी कड़ा एक्शन लेते हुए पत्र जारी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद जिला और प्रखंड स्तर पर कार्यरत अधिकारी व कर्मी मनरेगा को भ्रष्टाचार की सूली चढ़ाने से बाज नहीं आ रहे हैं. आप समझ सकते हैं कि आठ जनवरी को जब पूरा राज्य भीषण शीतलहर की चपेट में आकर कांप रहा था, उस समय अधौरा प्रखंड की सड़की पंचायत में इतना भीषण गर्मी पड़ रही थी कि एक भी मजदूर के शरीर पर गर्म कपड़े नहीं थे, बल्कि वह बनियान पहनकर कार्य कर रहे थे. इतना ही नहीं साइट पर अपलोड किये गये कार्य स्थल की तस्वीर में जमीन में गर्मी के दिनों में फटने वाली दरारें साफ दिखाई दे रही है. इस योजना में तीन मास्टर रोल जारी कर 26 मजदूरों को 85250 का भुगतान किया गया है. खबर प्रकाशित होते ही प्रशासन नींद से जागा और डीडीसी ने कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया है. अब देखना यह है कि कार्रवाई का यह आदेश सिर्फ कागजों में ही सिमट कर रह जाता है या फिर वास्तव में दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई होगी.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




