कैमूर में करमचट डैम में 41 घंटे बाद मिला 15 वर्षीय रोहित का शव, रील बनाने के दौरान डूबा था छात्र
शव मिलने के बाद पंचनामा तैयार करती पुलिस मौके पर परिजन व स्थानीय लोग | Prabhat Khabar Network
दुर्गावती डैम में रील बनाने के दौरान डूबे 15 वर्षीय छात्र का शव 41 घंटे बाद मिला। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
रामपुर प्रखंड के करमचट थाना क्षेत्र स्थित दुर्गावती जलाशय में रक्षाबंधन के दिन डूबे 15 वर्षीय रोहित कुमार का शव 41 घंटे बाद रविवार की सुबह बरामद हुआ. छात्र का शव जलाशय के बाएं तट नहर के पास पानी में तैरता हुआ मिला. शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
आपके शहर में
पानी में नहाने और रील बनाने के दौरान हुआ हादसा
मृतक की पहचान रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र के लोहरा गांव निवासी महेंद्र बिंद के पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है. रोहित चेनारी हाईस्कूल में कक्षा नौ का छात्र था. बताया जाता है कि वह दोस्तों के साथ साइकिल से करमचट डैम घूमने आया था और इसी दौरान नहाने तथा रील बनाने के क्रम में गहरे पानी में डूब गया.
चार दोस्तों के साथ डैम पहुंचा था रोहित
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रोहित अपने चार दोस्तों के साथ साइकिल से डैम घूमने आया था. उसने घर पर डैम जाने की जानकारी नहीं दी थी. तीन दोस्त पानी में नहा रहे थे, जबकि एक दोस्त सीढ़ी के पास मोबाइल से रील बना रहा था. इसी दौरान रोहित तैरते हुए बाएं तट नहर की ओर जाने वाले गहरे पानी के भंवर में फंस गया और डूब गया.
तेज बहाव के कारण नहीं बचाया जा सका
घटना शुक्रवार दोपहर की बताई जा रही है. रोहित को पानी में डूबते देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार भंवर में फंसने के बाद रोहित एक बार पानी के ऊपर आया था, लेकिन तेज बहाव के कारण दोबारा गहरे पानी में चला गया.
स्थानीय गोताखोरों ने भी की तलाश
घटना की सूचना तत्काल करमचट थाने की पुलिस को दी गई. शुक्रवार को स्थानीय गोताखोरों की मदद से जलाशय में छात्र की तलाश शुरू की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद खोजबीन के लिए एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया.
एसडीआरएफ की छह सदस्यीय टीम ने चलाया अभियान
चेनारी सीओ के अनुरोध पर भोजपुर के आरा से एसडीआरएफ की छह सदस्यीय टीम शनिवार सुबह करीब 8.30 बजे करमचट डैम पहुंची. सुबह 10 बजे से दो नाव और दो गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया. टीम ने जलाशय के गहरे हिस्सों में छात्र की तलाश की.
चार से पांच घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल करमु कुमार के अनुसार दो गोताखोर ऑक्सीजन सिलेंडर के साथ पानी के अंदर उतरे और काफी देर तक तलाश की. करीब चार से पांच घंटे तक अभियान चलाया गया. दोनों ऑक्सीजन सिलेंडर खत्म होने के बाद भी छात्र का पता नहीं चल सका. इसके बाद एसडीआरएफ की टीम वापस लौट गई.
रविवार सुबह पानी में तैरता मिला शव
एसडीआरएफ के लौटने के बाद रविवार सुबह रोहित का शव स्वतः पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया. सूचना मिलते ही करमचट पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जलाशय से बाहर निकाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया.

तीन भाइयों में सबसे छोटा था रोहित
रोहित तीन भाइयों में सबसे छोटा था. स्थानीय जानकारी के अनुसार महेंद्र बिंद की दो शादियां हुई थीं. पहली पत्नी से दो पुत्र हैं, जबकि दूसरी पत्नी से रोहित इकलौता पुत्र था. बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव
करमचट थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि शव बरामद कर पंचनामा तैयार कर लिया गया है. पोस्टमार्टम के लिए शव सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया है. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को दाह संस्कार के लिए सौंप दिया जाएगा.
वीर कुंवर सिंह यूनिवर्सिटी में MCA और PhD के चयनित अभ्यर्थियों का इंटरव्यू 3 सितंबर को, जानें जरूरी निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए