कैमूर में सड़क हादसा, बेटियों के सामने मां की मौत, राखी बांधकर लौट रही थी शारदा देवी
फोटो परिचय -मौत की खबर लगते ही दरवाज़े पहुचते लोग | Prabhat Khabar Network
कैमूर के दुर्गावती में अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं। रक्षा बंधन से लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा।
दुर्गावती थाना क्षेत्र के मरहिया-खरिगावां पथ पर खामीदौरा पंचायत सरकार भवन मोड़ के समीप शनिवार की देर शाम सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई. अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला और उसकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. इलाज के दौरान चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया.
आपके शहर में
राखी बांधकर बेटियों के साथ लौट रही थी महिला
धनिहारी गांव निवासी तपेश्वर राम की करीब 45 वर्षीय पत्नी शारदा देवी रक्षा बंधन के अवसर पर अपनी दोनों बेटियों आसमानी कुमारी, 17 वर्ष और रौशनी कुमारी, 7 वर्ष के साथ मायके डभरिया गांव गई थीं. त्योहार संपन्न होने के बाद शनिवार की शाम वह दोनों बेटियों के साथ टेम्पो से अपने ससुराल धनिहारी गांव लौट रही थीं.
सड़क पार करते समय हुआ दर्दनाक हादसा
घर लौटने के दौरान शारदा देवी दोनों बेटियों के साथ खामीदौरा पंचायत सरकार भवन मोड़ के पास टेम्पो से उतरीं. इसके बाद तीनों पैदल सड़क पार कर रही थीं. इसी दौरान करीब शाम सात बजे दक्षिण दिशा से तेज गति से आ रहे अज्ञात वाहन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसे में मां और दोनों बेटियां घायल
वाहन की टक्कर लगने से शारदा देवी समेत दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.
वाराणसी ट्रामा सेंटर में महिला की मौत
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया. इसके बाद परिजन उन्हें वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे. वहां जांच के बाद चिकित्सकों ने शारदा देवी को मृत घोषित कर दिया.

चंदौली के निजी अस्पताल में बेटियों का इलाज जारी
शारदा देवी की मौत के बाद दोनों घायल बेटियों को वाराणसी से चंदौली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. दोनों बच्चियों का इलाज जारी है. घटना की जानकारी मिलने के बाद रविवार की सुबह परिवार के अन्य सदस्य भी वाराणसी के लिए रवाना हो गए.
मां की मौत से परिवार में मचा कोहराम
शारदा देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. त्योहार के बाद घर लौट रहे परिवार पर अचानक आई इस घटना से गांव में भी मातम का माहौल है.
एक बेटी इंटर और दूसरी तीसरी कक्षा की छात्रा
बताया जाता है कि मृतका की बड़ी बेटी आसमानी कुमारी इंटर की छात्रा है, जबकि छोटी बेटी रौशनी कुमारी कक्षा तीन में पढ़ती है. दोनों के घायल होने के बाद परिवार के लोग उनके इलाज को लेकर चिंतित हैं.
रोहतास: दुर्गावती जलाशय में सेल्फी के दौरान डूबा रोहित, 24 घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए