इ-शिक्षा कोष पोर्टल पर हाजिरी में गड़बड़ी करने पर हसनपुर के शिक्षक विकास हुए निलंबित
Published by : VIKASH KUMAR Updated At : 08 Mar 2026 3:50 PM
इन व आउट की उपस्थिति दर्ज नहीं करने और फोटो मिसमैच मिलने पर हुई कार्रवाई
= इन व आउट की उपस्थिति दर्ज नहीं करने और फोटो मिसमैच मिलने पर हुई कार्रवाई = निलंबन अवधि में कुदरा बीइओ कार्यालय में करना होगा योगदान = स्पष्टीकरण का जवाब असंतोषजनक पाये जाने पर जारी हुआ निलंबन का आदेश = जिले में पोर्टल से मॉनीटरिंग तेज, एक दर्जन से अधिक शिक्षक हैं राडार पर भभुआ नगर. जिले में शिक्षकों की उपस्थिति की निगरानी व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी गयी है. इसी क्रम में इ-शिक्षा कोष पोर्टल पर हाजिरी दर्ज करने में लापरवाही बरतने के मामले में मोहनिया प्रखंड के न्यू प्राथमिक विद्यालय हसनपुर के शिक्षक विकास कुमार को निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शंभू कुमार सिंह द्वारा की गयी है. जारी आदेश में कहा गया है कि पोर्टल पर दर्ज उपस्थिति की जांच के दौरान कई अनियमितताएं सामने आयी, जिसके बाद यह कदम उठाया गया. विभागीय जांच में यह पाया गया कि शिक्षक विकास कुमार द्वारा जनवरी माह में करीब 8 से 10 दिनों तक इ-शिक्षा कोष पोर्टल पर विद्यालय में आने की उपस्थिति (इन) तो दर्ज किया गया, लेकिन विद्यालय से निकलने (आउट) की इंट्री दर्ज नहीं की गयी. इसी तरह फरवरी माह में भी कई दिनों तक इसी प्रकार की अनियमितता सामने आयी, इसके अलावा पोर्टल पर अपलोड किये गये फोटो का अवलोकन करने पर यह भी संदेह हुआ कि उपस्थिति दर्ज करते समय फोटो किसी अन्य व्यक्ति का हो सकता है, जिससे उपस्थिति और फोटो में मेल नहीं पाया गया. इस मामले में पहले शिक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया था. लेकिन, विभाग के अनुसार दिया गया स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया. आदेश में कहा गया है कि यह आचरण सरकारी सेवक के कर्तव्यों के प्रतिकूल है और इससे अनुशासनहीनता तथा स्वेच्छाचारिता की स्थिति उत्पन्न होती है. इसी आधार पर बिहार सरकारी सेवक नियमावली के तहत कार्रवाई करते हुए शिक्षक विकास कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक को प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय कुदरा में योगदान करना होगा. इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा. विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे की विभागीय जांच के बाद मामले में अंतिम निर्णय लिया जायेगा. इधर, जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार के निर्देश पर जिले के सभी विद्यालयों में ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर दर्ज की जा रही उपस्थिति की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है. मॉनीटरिंग के दौरान जिन शिक्षकों की उपस्थिति में गड़बड़ी पायी जा रही है, उनसे लगातार स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है. शिक्षा विभाग के सूत्रों के अनुसार, पोर्टल पर हाजिरी दर्ज नहीं करने, किसी अन्य व्यक्ति के फोटो से उपस्थिति दर्ज करने तथा इन व आउट की प्रक्रिया का पालन नहीं करने वाले शिक्षकों को चिह्नित किया जा रहा है. फिलहाल जिले में एक दर्जन से अधिक शिक्षक विभाग के राडार पर हैं, जिनमें कुछ शिक्षक संघ से जुड़े शिक्षक या संघ के पदाधिकारी भी शामिल बताये जा रहे हैं. विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद सभी दोषी शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी. – बोले अधिकारी इस संबंध में पूछे जाने पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शंभू कुमार सिंह ने बताया कि मोहनिया प्रखंड के न्यू प्राथमिक विद्यालय हसनपुर के शिक्षक उपस्थिति दर्ज करने में दोषी पाये गये हैं, जिन्हें निलंबित कर दिया गया है. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान जिले में एक दर्जन से अधिक अन्य शिक्षकों को भी चिह्नित किया गया है. इनमें शिक्षक संघ से जुड़े कुछ पदाधिकारी भी शामिल बताये जा रहे हैं. सभी चिह्नित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है, यदि स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके विरुद्ध भी शीघ्र निलंबन की कार्रवाई करते हुए प्रपत्र ‘क’ गठित किया जाचेगा. विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपस्थिति में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










