कैमूर में रबी की बुवाई के बीच बीज का संकट, गेहूं-मसूर और तीसी का बीज अब तक नहीं पहुंचा
AI से बनाई गई तस्वीर
कैमूर में रबी फसलों की बुवाई के लिए बीज का संकट है. किसान परेशान हैं क्योंकि गेहूं, मसूर और तीसी जैसे महत्वपूर्ण फसलों के बीज अभी तक नहीं पहुंचे हैं. जानें पूरी खबर.
Kaimur Agriculture News : चांद प्रखंड में रबी फसलों की बुवाई का समय शुरू हो गया है, लेकिन किसानों को कृषि विभाग की ओर से समय पर बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है. किसान बीज लेने के लिए ई-किसान भवन का बार-बार चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन निराश होकर लौटने को मजबूर हैं. खेतों में धान की कटनी तेजी से चल रही है. कटनी के बाद किसान गेहूं, चना, मसूर, मटर और सरसों सहित अन्य रबी फसलों की बुवाई की तैयारी में जुटे हैं. ऐसे में समय पर बीज नहीं मिलने से किसानों की चिंता बढ़ गयी है.
बुवाई का समय निकलने की चिंता, किसान लगा रहे चक्कर
किसानों का कहना है कि रबी फसलों की बुवाई का उपयुक्त समय चल रहा है. यदि समय पर बीज उपलब्ध नहीं हुआ, तो इसका सीधा असर खेती और उत्पादन पर पड़ सकता है. किसान बीज के लिए ई-किसान भवन पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है. किसानों को आशंका है कि बीज मिलने में देरी हुई, तो बुवाई का समय निकल सकता है.
प्रत्यक्षण योजना में चना, सरसों और मटर का हो रहा वितरण
कृषि विभाग की ओर से फिलहाल प्रत्यक्षण योजना के तहत चना, सरसों और मटर का बीज वितरित किया जा रहा है. इसके लिए भी किसानों को पंचायत स्तर पर अलग-अलग जगहों का चक्कर लगाना पड़ रहा है. किसानों का कहना है कि पंचायतों में घूमकर बीज प्राप्त करने में काफी समय लग रहा है. वहीं, प्रत्यक्षण योजना के तहत मिलने वाला बीज खेती की जरूरत के हिसाब से पर्याप्त नहीं है.
गेहूं, मसूर और तीसी का बीज अब तक नहीं पहुंचा
दूसरी ओर, गेहूं, मसूर और तीसी जैसी महत्वपूर्ण रबी फसलों का बीज अभी तक प्रखंड कृषि कार्यालय को प्राप्त नहीं हुआ है. इस कारण इन फसलों की खेती करने वाले किसान परेशान हैं. किसान भवन पहुंचने पर उन्हें बीज उपलब्ध नहीं होने की जानकारी देकर वापस लौटा दिया जा रहा है. किसानों ने कृषि विभाग से जल्द सभी प्रकार के रबी फसलों का बीज उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि निर्धारित समय पर बुवाई की जा सके.
बीज मिलते ही शुरू होगा वितरण : बीएओ
इस संबंध में प्रखंड कृषि पदाधिकारी मोहन दास ने बताया कि प्रत्यक्षण योजना के तहत चना, सरसों और मटर के बीज का वितरण किया जा रहा है. गेहूं, मसूर और तीसी का बीज अभी तक प्राप्त नहीं हुआ है. बीज प्राप्त होते ही किसानों के बीच उसका वितरण शुरू कर दिया जायेगा.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए